पब्लिक स्वर,जशपुर। जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक युवती ने पुलिस थाने के सामने स्थित मोबाइल टावर पर चढ़कर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना ने न सिर्फ इलाके को झकझोर दिया, बल्कि मोबाइल और सोशल मीडिया पर उपलब्ध आत्मघाती कंटेंट के खतरनाक प्रभाव को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मृतका की पहचान धुमाडांड गांव निवासी नीलिमा लकड़ा के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, नीलिमा पिछले लंबे समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और उसे मोबाइल पर आत्महत्या तथा फांसी से जुड़े वीडियो देखने की आदत पड़ गई थी। परिवार ने कई बार उसे ऐसा कंटेंट देखने से रोका, लेकिन वह नहीं मानी। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी वह आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश कर चुकी थी।
अस्पताल से लौटने के बाद हुई लापता
जानकारी के अनुसार, घटना से एक दिन पहले नीलिमा अपनी मां के साथ अस्पताल गई थी। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गई। रात में पुलिस पेट्रोलिंग टीम को वह मिली, जिसके बाद उसे घर लौटने के लिए कहा गया। हालांकि देर रात उसने फिर से असामान्य गतिविधियां शुरू कर दीं। बताया जा रहा है कि तड़के करीब 4 बजे नीलिमा ने खुद डायल 112 पर कॉल किया और कहा कि “थाने में कोई नहीं है।” सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां उसने पुलिसकर्मियों से कहा कि वह सिर्फ यह देखना चाहती थी कि पुलिस कितनी जल्दी पहुंचती है।
सुबह टावर पर चढ़ी, वीडियो देखते हुए उठा लिया खौफनाक कदम
सुबह करीब 5 बजे स्थानीय लोगों ने युवती को कुनकुरी थाने के सामने लगे मोबाइल टावर पर चढ़ा देखा। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस लगातार उससे बातचीत कर उसे नीचे उतरने के लिए समझाती रही। शुरुआती बातचीत में वह मान भी गई थी। लेकिन इसी दौरान वह अपने मोबाइल फोन पर कुछ वीडियो देखने लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वीडियो देखने के कुछ ही देर बाद उसने अचानक फांसी लगा ली। घटना इतनी तेजी से हुई कि मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले उसकी मौत हो चुकी थी।
मानसिक स्वास्थ्य और डिजिटल कंटेंट पर फिर उठे।
पुलिस जांच में जुटी
कुनकुरी पुलिस ने शव को टावर से नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस युवती के मोबाइल की भी जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किस तरह के वीडियो देख रही थी और घटना से पहले उसकी गतिविधियां क्या थीं।

User 1










