पब्लिक स्वर,बैलाडीला। अंचल में इन दिनों बैलाडीला प्रीमियर लीग (BPL) सीजन-2 का उत्साह पूरे जिले में छाया हुआ है। खेल प्रेमियों के बीच इस प्रतिष्ठित क्रिकेट आयोजन को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में रविवार 10 मई को अंबेडकर भवन किरंदुल में BPL सीजन-2 का भव्य ऑक्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जिले भर के खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस बार कुल 130 खिलाड़ियों ने ऑनलाइन गूगल फॉर्म के माध्यम से अपना पंजीयन कराया था, जिनमें से 120 खिलाड़ियों को 8 टीम मालिकों द्वारा आईपीएल की तर्ज पर आयोजित नीलामी प्रक्रिया में खरीदा गया। पूरी ऑक्शन प्रक्रिया हूबहू IPL नियमों एवं प्रारूप के अनुसार संपन्न कराई गई, जिसे उपस्थित खिलाड़ियों एवं खेल जगत से जुड़े लोगों ने खूब सराहा।
प्रतियोगिता में शामिल 8 टीमों के नाम एवं उनके मालिक इस प्रकार हैं-
1. J.K.C Royals – श्री जमील खान
2. Spirit Boys – श्री बबलू सिद्दीकी
3. R.P Warriors – श्री मनोज प्रसाद
4. Bacheli Capitals – श्री डी.एस. यादव
5. Blessing Warriors – श्री रमेश निर्मलकर
6. Bacheli Blaster – श्री सुदीपता मंडल
7. Tashan Return – श्री बोसी उद्देश्य
8. Bacheli Challenger – श्री कृष्णा ठाकुर
पिछले सीजन की शानदार सफलता को याद करते हुए आयोजन समिति ने बताया कि जिला कलेक्टर सहित जिले के कई वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा BPL आयोजन की सराहना करते हुए स्पोर्ट्स क्लब किरंदुल के सदस्यों को सम्मानित भी किया गया था। स्पोर्ट्स क्लब किरंदुल के सचिव भूपेश्वर लाल साहू ने कहा कि इतना बड़ा आयोजन कर पाना क्लब के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के प्रतिभावान खिलाड़ियों को एक बेहतर मंच प्रदान करना है, ताकि वे अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर आगे रणजी एवं IPL जैसे बड़े मंचों तक पहुंच सकें। उन्होंने यह भी कहा कि क्लब केवल खेल तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक दायित्वों का निर्वहन भी लगातार करता आ रहा है। क्लब द्वारा समय-समय पर रक्तदान अभियान, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, खिलाड़ियों के विकास हेतु प्रशिक्षण एवं विभिन्न सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाते हैं। इस आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी ए.के. सिंह, पालिका उपाध्यक्ष बबलू सिद्दीकी , संविधान की कलम पत्रकार संघ के सचिव रामकिशोर रामटेके, अध्यक्ष दिलीप सिंह, श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रमुख राजेंद्र सक्सेना सहित नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में आयोजन समिति के सचिव भूपेश्वर लाल साहू एवं सदस्य भूपेश कश्यप, नागेश्वर राव, प्रवेश जोशी, विनोद सोना, प्रताप नायक, प्रदीप ताती, नीरज तिवारी, सूर्या, प्रदीप शंकरन एवं नितिन दुबे का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का शानदार संचालन नितिन दुबे द्वारा किया गया।

User 1












