पब्लिक स्कूल,रायगढ़। रायगढ़ जिले में अवैध लकड़ी तस्करी का मामला एक बार फिर सामने आया है। छाल वन परिक्षेत्र में वन विभाग, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने देर रात कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में लकड़ियों से भरे 12 चक्का ट्रक को जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक मौके से वाहन की चाबी लेकर फरार हो गया। मामले में वाहन मालिक और तस्करी नेटवर्क की तलाश जारी है।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार देर रात वन अमले को सूचना मिली थी कि नवापारा बाईपास मार्ग के पास अवैध लकड़ियों की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही वन विभाग, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी। टीम को देखते ही ट्रक चालक वाहन की चाबी लेकर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
संयुक्त टीम ने मौके पर ट्रक की जांच की, जिसमें बड़ी मात्रा में सेमल सहित अन्य प्रजातियों की लकड़ियां लोड मिलीं। प्राथमिक अनुमान के मुताबिक जब्त लकड़ियों की कीमत करीब 5 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। इसके बाद ट्रक को जब्त कर थाना परिसर लाया गया, जहां आगे की जांच की जा रही है।
दस्तावेज नहीं मिलने पर होगी सख्त कार्रवाई
छाल रेंजर राजेश चौहान ने बताया कि संयुक्त टीम द्वारा कार्रवाई की गई है और फिलहाल वाहन मालिक की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि वाहन और लकड़ियों से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाते हैं, तो पंचनामा बनाकर वन अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में लकड़ियों की ढुलाई संदिग्ध प्रतीत हो रही है। मामले में यह भी जांच की जा रही है कि लकड़ियां किस क्षेत्र से काटी गईं और इन्हें कहां सप्लाई किया जाना था।
जिले में सक्रिय हैं लकड़ी तस्कर
गौरतलब है कि रायगढ़ जिले में इससे पहले भी कई बार अवैध लकड़ी तस्करी के मामले सामने आ चुके हैं। उड़नदस्ता टीम द्वारा घरघोड़ा और रायगढ़ रेंज में लगातार कार्रवाई कर लकड़ियों से भरे वाहनों को पकड़ा गया था। इसके बावजूद तस्करों की गतिविधियां थमती नजर नहीं आ रही हैं। लगातार सामने आ रहे मामलों से यह संकेत मिल रहे हैं कि जिले में लकड़ी तस्करों का नेटवर्क अब भी सक्रिय है और वन संपदा को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाया जा रहा है। ऐसे में वन विभाग के सामने अवैध कटाई और तस्करी पर स्थायी रोक लगाने की चुनौती बनी हुई है।

User 1










