बीजापुर में झोलाछाप डॉक्टर के घर से 104 बोतल विदेशी शराब जब्त



post



पब्लिक स्वर,बीजापुर। बीजापुर जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शांतिनगर इलाके में एक झोलाछाप डॉक्टर के घर पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान वहां से 104 बोतल विदेशी शराब बरामद की गई। विभाग ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार आबकारी विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि शांतिनगर क्षेत्र में एक किराना दुकान की आड़ में अवैध रूप से शराब का भंडारण और बिक्री की जा रही है। सूचना की पुष्टि होने के बाद आबकारी टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की।

जांच के दौरान आरोपी रामकांता मंडल के कब्जे से कुल 18.72 बल्क लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 13 हजार 520 रुपए बताई गई है। विभाग ने मौके से शराब जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

इस कार्रवाई में आबकारी उप निरीक्षक वतन चौधरी, श्रीराम कावड़े समेत विभाग के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की अहम भूमिका रही। अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिले में बढ़ रहा अवैध शराब का नेटवर्क

बीजापुर जिला मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से अवैध शराब बिक्री की शिकायतें सामने आती रही हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार शराब दुकानों के अलावा कोचियों और छोटे कारोबारियों के जरिए भी आसानी से शराब उपलब्ध कराई जा रही है। खासकर न्यू बस स्टैंड के आसपास के होटल, ढाबे और शांतिनगर जैसे इलाकों में अवैध शराब बिक्री के कई अड्डे सक्रिय बताए जाते हैं।

कुछ समय पहले बीजापुर कोतवाली पुलिस ने भी ऐसे ठिकानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध शराब कारोबारियों पर शिकंजा कसा था। बावजूद इसके, जिले में यह कारोबार पूरी तरह थमता नजर नहीं आ रहा।

सवालों के घेरे में निगरानी व्यवस्था

लगातार हो रही कार्रवाइयों के बावजूद अवैध शराब की उपलब्धता प्रशासनिक निगरानी और स्थानीय तंत्र की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर रही है। जानकारों का मानना है कि सीमावर्ती और दूरस्थ इलाकों में निगरानी मजबूत नहीं होने के कारण अवैध शराब कारोबारियों को बढ़ावा मिल रहा है।

फिलहाल आबकारी विभाग की इस कार्रवाई को जिले में अवैध शराब नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। प्रशासन अब इस मामले से जुड़े अन्य लोगों और संभावित सप्लाई चेन की भी जांच कर सकता है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS BASTARNEWS BIJAPURNEWS BASTARBIJAPURNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER