गोवा के विला में चल रहा था करोड़ों का क्रिकेट सट्टा, रायगढ़ पुलिस ने 6 को दबोचा



post

पब्लिक स्वर,रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा और हवाला नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मध्य भारत में सक्रिय एक बड़े सट्टा सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई कार्रवाई में गोवा के कैंडोलिम बीच स्थित एक किराए के विला पर दबिश देकर छह बड़े सट्टा संचालकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 मोबाइल फोन और कई डिजिटल साक्ष्य जब्त किए हैं।

यह कार्रवाई थाना कोतवाली रायगढ़ में दर्ज अपराध क्रमांक 217/2026 और 218/2026 के तहत की गई जांच के दौरान सामने आए इनपुट के आधार पर की गई। पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों करन चौधरी उर्फ करन अग्रवाल, पुष्कर अग्रवाल और सुनील अग्रवाल से पूछताछ में हवाला के जरिए पैसों के लेनदेन और खरसिया निवासी अमित मित्तल के नेटवर्क से जुड़े अहम सुराग मिले थे।

गोवा के विला में चल रहा था सट्टे का संचालन

जांच में पता चला कि नेटवर्क रायगढ़, रायपुर, सक्ती और खरसिया से जुड़ा हुआ है तथा इसके तार हैदराबाद, मुंबई और गोवा तक फैले हैं। इसके बाद सीएसपी मयंक मिश्रा और डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में साइबर थाना और कोतवाली पुलिस की टीम गोवा पहुंची।

कैंडोलिम बीच इलाके में किराए के विला पर दबिश के दौरान पुलिस ने अमित मित्तल, मोहित सोमानी, प्रकाश वाधवानी, आकाश मोटवानी, राहुल खंडेलवाल उर्फ बाबू और सुलभ खंडेलवाल उर्फ छोटा बाबू को ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करते हुए पकड़ा। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी मोबाइल, लैपटॉप और हिसाब-किताब से जुड़े दस्तावेज नष्ट करने की कोशिश कर रहे थे।

तीन तरीकों से चलता था ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि आईपीएल मैचों में सट्टा तीन अलग-अलग तरीकों से संचालित किया जाता था। “अभिनंदन बुक/लाइन” के जरिए रायपुर से क्रिकेट सेशन का भाव लिया जाता था और APK बेस्ड Zoom ऐप के माध्यम से नीचे खाईवालों तक पहुंचाया जाता था।

आरोपी “प्रगति टीवी ऐप” और “स्टार लाइव” जैसे APK बेस्ड ऐप का इस्तेमाल करते थे, जिनमें मैच करीब 7 सेकंड पहले दिखाई देता था। इसी एडवांटेज का इस्तेमाल कर नीचे जुड़े खिलाड़ियों को भाव दिया जाता था।

“All Panel Exchange”, “Taj 777” और “Diamond Exchange” जैसी क्रिकेट बेटिंग आईडी उपलब्ध कराकर ऑनलाइन जुआ खिलाया जाता था।


“मन्नू नथानी” गैंग से जुड़े मिले तार

तकनीकी जांच और मोबाइल डेटा की पड़ताल में सामने आया कि आरोपी मध्य भारत के चर्चित सट्टा नेटवर्क संचालक “मन्नू नथानी” गैंग से जुड़े हुए थे। आरोपी ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा, मटका और डिजिटल बेटिंग आईडी के जरिए संगठित अपराध चला रहे थे। जांच में पता चला कि आरोपी बड़े नेटवर्क से बेटिंग आईडी लेकर छोटे एजेंटों और प्लेयर्स तक पहुंचाते थे और हर लेनदेन पर कमीशन लेते थे। शुरुआती जांच में एक आईपीएल सीजन में करोड़ों रुपए के लेनदेन के संकेत मिले हैं।

हवाला नेटवर्क का भी खुलासा

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गैंग हवाला के जरिए रकम का लेनदेन करता था। आरोपियों के मोबाइल से नोटों के सीरियल नंबर साझा कर भरोसे के आधार पर बड़ी रकम ट्रांसफर करने के साक्ष्य मिले हैं। इससे पहले गिरफ्तार आरोपियों से एक करोड़ रुपए से अधिक नकदी भी जब्त की जा चुकी है।

दुबई से मिलती थी बेटिंग आईडी

पुलिस के अनुसार, महादेव सट्टा ऐप की तर्ज पर क्रिकेट बेटिंग आईडी दुबई से संचालित नेटवर्क के जरिए महानगरों तक पहुंचती थी। वहां से नागपुर, रायपुर और मध्य भारत के अन्य शहरों में इसे कमीशन के आधार पर छोटे खाईवालों और खिलाड़ियों तक उपलब्ध कराया जाता था।

सभी आरोपी पहले से अपराधी

गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ रायगढ़, रायपुर और अन्य शहरों में पहले से ऑनलाइन सट्टा के मामले दर्ज हैं। आरोपी अमित मित्तल पर खरसिया, चक्रधरनगर और घरघोड़ा थानों में अपराध दर्ज हैं, जबकि मोहित सोमानी पर रायपुर के कई थानों में सट्टा एक्ट के तहत केस दर्ज हैं।

गिरफ्तार आरोपी

1. अमित मित्तल (30) – स्टेशन रोड, खरसिया

2. मोहित सोमानी (38) – समता कॉलोनी, आजाद चौक, रायपुर

3. प्रकाश वाधवानी (28) – चौबे कॉलोनी, आजाद चौक, रायपुर

4. आकाश मोटवानी (31) – कचहरी चौक, मौदहापारा, रायपुर

5. राहुल खंडेलवाल उर्फ बाबू (36) – तेलीबांधा, रायपुर

6. सुलभ खंडेलवाल उर्फ छोटा बाबू (33) – रामसागर पारा, रायपुर

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस संगठित अपराध, ऑनलाइन सट्टा और हवाला नेटवर्क के खिलाफ लगातार आक्रामक कार्रवाई कर रही है। तकनीक आधारित अपराधियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म करना पुलिस का लक्ष्य है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWSRAYGADHNEWS GOAKEVILLAMECARODONKACRIKERTSATTANEWS RAYGAFHPOLICENEGOVASE6AROPIYONOKYAGIRAFTARNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER