पब्लिक स्वर,बस्तर। बस्तर जिले के जगदलपुर में एक पेट्रोल पंप पर मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शहर के कुम्हारपारा स्थित सुभाष पेट्रोल पंप में पेट्रोल डलवाने को लेकर ग्राहक और पंप संचालक के बीच शुरू हुई बहस देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मामला थाने तक पहुंच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
200 रुपए से ज्यादा पेट्रोल नहीं देने पर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, पेट्रोल पंप पर पहुंचे कुछ ग्राहकों ने 200 रुपए से अधिक का पेट्रोल भरने की मांग की। इसी बात को लेकर पंप संचालक और ग्राहकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के दौरान पंप परिसर में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
घायल कर्मचारी ने की सख्त कार्रवाई की मांग
मारपीट में पेट्रोल पंप से जुड़े एक व्यक्ति को सिर, गले और चेहरे पर चोटें आई हैं। घायल पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
सुरक्षा की मांग को लेकर थाने पहुंचे पेट्रोल पंप संचालक
घटना के विरोध में शहर के अन्य पेट्रोल पंप संचालक भी थाने पहुंचे। उन्होंने प्रशासन और पुलिस से पेट्रोल पंपों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। संचालकों का कहना है कि आए दिन होने वाले विवादों से कर्मचारियों और व्यवसायियों में भय का माहौल है।
पुलिस जांच में जुटी, बाकी आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए 4 आरोपियों को पकड़ लिया है। वहीं अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

User 1












