पब्लिक स्वर,रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस में बड़ा संगठनात्मक बदलाव किया गया है। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अल्का लांबा ने प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक की वर्तमान कार्यकारिणी को तत्काल प्रभाव से भंग करने का आदेश जारी किया है। इस फैसले को आगामी राजनीतिक रणनीति और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।
जारी आदेश में कहा गया है कि छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस को अधिक सक्रिय, प्रभावशाली और जनआधारित संगठन बनाने के उद्देश्य से पुनर्गठन प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसी प्रक्रिया के तहत प्रदेश, जिला, ब्लॉक और बूथ स्तर की मौजूदा कार्यकारिणियों को भंग किया गया है।
संगठन में सक्रिय चेहरों को मिलेगी प्राथमिकता
अल्का लांबा ने स्पष्ट किया है कि नई कार्यकारिणी के गठन में केवल पदाधिकारियों की संख्या नहीं, बल्कि उनकी सक्रियता और संगठन के प्रति योगदान को प्राथमिकता दी जाएगी। सदस्यता अभियान में भूमिका, जनसंपर्क, जनहित मुद्दों पर संघर्ष और पार्टी के प्रति समर्पण जैसे बिंदुओं के आधार पर नए चेहरों को जिम्मेदारी दी जाएगी।
राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, कांग्रेस संगठन 2028 विधानसभा चुनाव से पहले महिला विंग को अधिक आक्रामक और सक्रिय रूप में तैयार करना चाहती है। पिछले कुछ समय से संगठनात्मक निष्क्रियता और जमीनी स्तर पर कम सक्रियता को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे। ऐसे में यह फैसला महिला कांग्रेस में नई ऊर्जा भरने की रणनीति माना जा रहा है।
जल्द घोषित हो सकती है नई टीम
सूत्रों के अनुसार, पुनर्गठन प्रक्रिया तेजी से पूरी की जाएगी और जल्द ही प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक नई कार्यकारिणियों की घोषणा हो सकती है। नई टीम में युवा चेहरों, सक्रिय महिला कार्यकर्ताओं और सामाजिक मुद्दों पर मुखर रहने वाली नेताओं को मौका मिलने की संभावना जताई जा रही है।

User 1












