पब्लिक स्वर,जशपुर। जशपुर जिले में दुष्कर्म और एससी-एसटी एक्ट के मामले में फरार चल रहे आरक्षक रुद्रमणि यादव की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। जशपुर पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने आरोपी की गिरफ्तारी या उसके संबंध में सटीक सूचना देने वाले व्यक्ति के लिए 2 हजार रुपए के नकद इनाम की घोषणा की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस विभाग की ओर से जारी उद्घोषणा आदेश के मुताबिक, कांसाबेल थाने में पदस्थ आरक्षक रुद्रमणि यादव के खिलाफ अपराध क्रमांक 67/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 376(2)(N), 376(2)(क)(1), 313, 294, 506(बी) समेत एससी-एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला कायम किया गया है। घटना सामने आने के बाद से आरोपी लगातार फरार बताया जा रहा है।
संभावित ठिकानों पर दबिश, गिरफ्तारी के प्रयास तेज
पुलिस के अनुसार आरोपी की तलाश में लगातार संभावित ठिकानों और निवास स्थानों पर दबिश दी जा रही है, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने उद्घोषणा जारी कर आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है।
आदिवासी विधवा शिक्षिका ने लगाए गंभीर आरोप
यह पूरा मामला एक आदिवासी विधवा शिक्षिका की शिकायत से जुड़ा हुआ है। पीड़िता ने आरक्षक रुद्रमणि यादव पर शादी का झांसा देकर लंबे समय तक दुष्कर्म करने, गर्भपात कराने, मानसिक प्रताड़ना देने और आर्थिक शोषण जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि आरोपी ने फेसबुक के माध्यम से उससे संपर्क किया था। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और आरोपी ने शादी का भरोसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने संबंधों के दौरान उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और आर्थिक रूप से भी नुकसान पहुंचाया।
पुलिस विभाग की छवि पर भी उठे सवाल
मामले में आरोपी स्वयं पुलिस विभाग में पदस्थ आरक्षक है, ऐसे में यह मामला विभागीय छवि और जवाबदेही के लिहाज से भी संवेदनशील माना जा रहा है। एक ओर जहां पुलिस महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर अभियान चलाती है, वहीं विभाग के ही कर्मचारी पर लगे गंभीर आरोपों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है। मामले की जांच जारी है।

User 1












