पब्लिक स्वर,भिलाई/दुर्ग। दुर्ग जिले के रूआबांधा स्थित मायानगर एचएससीएल कॉलोनी में रविवार शाम दो भाइयों के बीच हुआ विवाद हत्या में बदल गया। छोटे भाई ने बड़े भाई के सिर पर फावड़े से हमला कर दिया। गंभीर हालत में घायल युवक को पहले दुर्ग जिला अस्पताल और फिर रायपुर के मेकाहारा अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक की पहचान अशोक यादव (34) पिता रामनाथ यादव के रूप में हुई है। वहीं आरोपी उसका छोटा भाई मनोज यादव (32) है। दोनों मजदूरी का काम करते थे और एक साथ मायानगर एचएससीएल कॉलोनी में रहते थे। जानकारी के मुताबिक दोनों भाइयों के बीच पहले भी छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद होता रहता था। रविवार 10 मई की शाम करीब 6 बजे फिर किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। उस समय मनोज यादव शराब के नशे में था। विवाद बढ़ने पर उसने पास में रखा फावड़ा उठाकर अशोक यादव के सिर पर हमला कर दिया। वार इतना जोरदार था कि अशोक गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। घायल को दुर्ग जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने पर रायपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल (मेकाहारा) रेफर कर दिया। परिजन उसे रायपुर लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मृतक का शव फिलहाल मेकाहारा अस्पताल की मर्च्युरी में रखा गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। घटना के बाद पुलिस ने पहले आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था। भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। लेकिन इलाज के दौरान अशोक यादव की मौत के बाद अब मामले में हत्या की धारा जोड़ दी गई है। पुलिस ने आरोपी मनोज यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि दोनों भाइयों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

User 1












