पब्लिक स्वर,बिलासपुर। बिलासपुर में लाखों रुपए की चांदी गायब होने का मामला सामने आया है। सदर बाजार स्थित प्रतिमा ज्वेलर्स के लिए रायपुर से भेजा गया करीब 18 किलो चांदी का पार्सल डिलीवरी के दौरान रहस्यमय तरीके से गायब हो गया। मामले में लगभग 8 किलो चांदी लापता बताई जा रही है, जिसकी कीमत करीब 45 लाख रुपए आंकी गई है। घटना के बाद सराफा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, रायपुर से वीआईपी कुरियर के जरिए प्रतिमा ज्वेलर्स के लिए दो पार्सलों में चांदी भेजी गई थी। बिलासपुर पहुंचने के बाद कुरियर ब्वॉय ने केवल एक पार्सल की डिलीवरी दी, जिसमें करीब 10 किलो चांदी थी। वहीं दूसरा पार्सल, जिसमें लगभग 8 किलो चांदी रखी गई थी, रास्ते में गायब हो गया।
रास्ते में गिरने का दावा
कुरियर ब्वॉय ने कोतवाली थाने में दिए बयान में बताया कि सत्या सर्विसेस से डॉक्टर लाडीकर हॉस्पिटल के बीच डिलीवरी के दौरान पार्सल कहीं गिर गया। उसने पार्सल को काफी तलाशने की बात कही, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। हालांकि, इतने कीमती पार्सल के “रास्ते में गिरने” के दावे ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सराफा कारोबारियों का कहना है कि करोड़ों के आभूषण और कीमती धातुओं की डिलीवरी में आमतौर पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाते हैं। ऐसे में लाखों रुपए की चांदी का यूं गायब हो जाना लापरवाही या किसी बड़ी साजिश की ओर इशारा कर सकता है।
कारोबारी ने दर्ज कराई शिकायत
मामले की जानकारी मिलते ही प्रतिमा ज्वेलर्स के संचालक कोतवाली थाना पहुंचे और कुरियर कंपनी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। कारोबारी ने गायब पार्सल की जल्द तलाश और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने सराफा कारोबारी और कुरियर कंपनी दोनों पक्षों के आवेदन लेकर जांच शुरू कर दी है। घटना स्थल और डिलीवरी रूट के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि पार्सल वास्तव में गिरा था या फिर उसके साथ कोई और घटना हुई।
जांच के दायरे में कई पहलू
पुलिस फिलहाल इस मामले को केवल “गुमशुदगी” मानकर नहीं चल रही है। जांच में कुरियर की हैंडलिंग, डिलीवरी प्रक्रिया, पार्सल की सुरक्षा व्यवस्था और संबंधित कर्मचारियों की भूमिका को भी जांचा जा रहा है।सराफा कारोबार से जुड़े लोगों का मानना है कि यदि इतनी बड़ी मात्रा में चांदी खुले बाजार में बेचने की कोशिश की गई, तो उसके सुराग जल्दी मिल सकते हैं। वहीं पुलिस को उम्मीद है कि सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन से मामले की कड़ी जुड़ सकती है।घटना ने शहर में कीमती सामानों की कुरियर सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

User 1












