पब्लिक स्वर,बीजापुर। बीजापुर जिले में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षा बलों की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में गंगालूर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने डोडीतुमनार इलाके की पहाड़ी में बनाए गए एक नक्सली बंकर का पता लगाकर भारी मात्रा में नक्सली सामग्री बरामद की है। बरामद सामान में बैटरी, जनरेटर, वायर और विस्फोटक उपयोग की सामग्री शामिल है।
पुलिस के मुताबिक, गंगालूर थाना क्षेत्र में सक्रिय नक्सलियों द्वारा पहाड़ी इलाके में डंप छिपाकर रखे जाने की सूचना मुखबिर से मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया। घने जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में तलाशी के दौरान जवानों ने एक छिपे हुए बंकर को खोज निकाला, जहां से बड़ी मात्रा में सामान बरामद हुआ।
बरामद सामग्री में होंडा कंपनी के 2 जनरेटर, 2 लेथ मशीन, 1 इन्वर्टर, 4 बैटरी, करीब 50 मीटर कार्डेक्स वायर, 2 प्लास्टिक कंटेनर और 1 देशी बीजीएल लॉन्चर शामिल है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि इन सामग्रियों का उपयोग नक्सली विस्फोटक तैयार करने और अपने कैंप संचालन में करते थे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई से नक्सल संगठन को बड़ा नुकसान पहुंच रहा है। जंगलों में छिपाकर रखे गए डंप और बंकरों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है, जिससे नक्सलियों की गतिविधियों पर असर पड़ रहा है। फिलहाल पुलिस ने बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। इलाके में अतिरिक्त सर्चिंग भी जारी है, ताकि आसपास छिपाए गए अन्य डंप या नक्सली ठिकानों का पता लगाया जा सके।

User 1












