बाइक टकराने पर सिविल लाइन थाने के सामने दो गुटों में चले लात-घूंसे, सड़क पर मची अफरा-तफरी



post

पब्लिक स्वर,बिलासपुर। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में उर्स के दौरान शनिवार रात जमकर हंगामा हो गया। थाने के सामने ही दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि युवकों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाने शुरू कर दिए। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर मारपीट करते नजर आ रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस लाइन स्थित मजार में इन दिनों उर्स का आयोजन चल रहा है। उर्स के मौके पर अलग-अलग इलाकों से मुस्लिम समुदाय के लोग संदल और चादर चढ़ाने के लिए डीजे और ढोल-ताशों के साथ पहुंच रहे हैं। इसी दौरान शनिवार रात संदल जुलूस में शामिल दो पक्षों के युवकों के बीच बाइक टकराने को लेकर विवाद शुरू हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया। सड़क पर ही दोनों गुटों के युवक भिड़ गए और एक-दूसरे पर जमकर लात-घूंसे चलने लगे। घटना थाने के सामने होने के कारण वहां मौजूद लोगों में भी हड़कंप मच गया। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। सिविल लाइन टीआई एसआर साहू ने बताया कि मारपीट में शामिल युवकों को थाने लाया गया था। हालांकि, दोनों पक्षों ने आपसी समझौते की बात कहते हुए किसी भी तरह की शिकायत दर्ज कराने से इंकार कर दिया। पुलिस के मुताबिक, किसी पक्ष की ओर से एफआईआर नहीं कराए जाने के कारण कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।

घटना ने एक बार फिर बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर तब, जब थाना परिसर के सामने ही खुलेआम मारपीट होती रही। फिलहाल पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS BILASPURNEWS SIVILLAINETHANANEWS BILASPURSIVAILLAINETHANANEWS BAIKETAKRANEPARMARPITNEWS BAIKETAKRANEPARDOGHUTOMEMARPITNEWS THANEKESAMNEMARPITNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER