पब्लिक स्वर,दुर्ग। दुर्ग जिले के भिलाई नगर क्षेत्र में एक 22 वर्षीय युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) के एक कर्मचारी के बेटे का शव सेक्टर-4 स्थित करीब 10 वर्षों से बंद पड़े बीएसपी स्कूल परिसर में फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
सुसाइड नोट में लिखा- "मुझसे नफरत करने के लिए धन्यवाद"
मृतक की पहचान दीपांशु वर्मा (22 वर्ष) के रूप में हुई है। वह कल्याण कॉलेज का छात्र था और हाल ही में बीएससी की पढ़ाई पूरी कर चुका था। घटनास्थल से मिले सुसाइड नोट में लिखा है, "मुझसे इतनी नफरत के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। मेरे शरीर को दफनाया नहीं जाना चाहिए, इसका अंतिम संस्कार (दाह-संस्कार) किया जाना चाहिए।"हालांकि नोट में किसी व्यक्ति विशेष का नाम या आत्महत्या के पीछे का स्पष्ट कारण उल्लेखित नहीं है। पुलिस सुसाइड नोट की जांच कर रही है और उसके आधार पर मामले के विभिन्न पहलुओं को खंगाल रही है।
मां से 100 रुपये लेकर निकला था घर
परिजनों के अनुसार, दीपांशु घटना वाले दिन सामान्य दिनों की तरह घर से निकला था। घर से निकलने से पहले उसने अपनी मां से 100 रुपये मांगे थे। उस समय मां नींद में थीं और उन्होंने ज्यादा ध्यान नहीं दिया। बाद में पता चला कि उसने उन्हीं पैसों से रस्सी खरीदी थी। जब देर शाम तक दीपांशु घर नहीं लौटा तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान सूचना मिली कि सेक्टर-4 स्थित बंद पड़े बीएसपी स्कूल परिसर में एक युवक का शव फंदे से लटका हुआ है। मौके पर पहुंचकर परिजनों ने शव की पहचान दीपांशु वर्मा के रूप में की।
नौकरी नहीं मिलने से था परेशान
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दीपांशु ने बीएससी की पढ़ाई पूरी कर ली थी और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। बताया जा रहा है कि नौकरी नहीं मिलने के कारण वह मानसिक रूप से परेशान था। हालांकि पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। जानकारी के मुताबिक, दीपांशु साइकिल से स्कूल परिसर पहुंचा था और अपने साथ रस्सी भी लेकर गया था। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस जुटी जांच में
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। सुसाइड नोट को जब्त कर उसकी जांच की जा रही है। पुलिस परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर युवक की मानसिक स्थिति तथा आत्महत्या के संभावित कारणों की जानकारी जुटा रही है। फिलहाल, पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट व अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

User 1














