पब्लिक स्वर,दुर्ग। स्वर्गीय दाऊ रामचंद्र साहू शासकीय महाविद्यालय रानीतराई में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वावधान में दो दिवसीय योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य चंदन गोस्वामी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
योग शिविर के प्रथम दिवस 20 जून 2026 को महाविद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम "स्वस्थ उम्र बढ़ाने के लिए योग" रही। कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक वेणु साहू विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराते हुए योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। साथ ही उन्होंने युवाओं को माई भारत (MY Bharat) अभियान की जानकारी भी दी।
इस अवसर पर महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना अधिकारी डॉ. शगुफ्ता सिद्दीकी ने विद्यार्थियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम की जानकारी देते हुए उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों के बारे में विस्तार से बताया। योग शिविर के दूसरे दिन 21 जून 2026 को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ऑनलाइन माध्यम से योग अभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों और स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की सहायक प्राध्यापक श्रीमती आराधना देवांगन, श्रीमती अंबिका ठाकुर बर्मन, सुश्री रेणुका वर्मा सहित कर्मचारी श्रीमती माहेश्वरी निषाद, सीमा वर्मा तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की सहभागिता रही। महाविद्यालय प्रशासन ने योग को स्वस्थ जीवनशैली का आधार बताते हुए विद्यार्थियों से नियमित योगाभ्यास अपनाने की अपील की।

User 1














