Header Ad


रायपुर में NEET परीक्षा के दौरान बवाल, जगदलपुर में NSUI का प्रदर्शन



post


पब्लिक स्वर,रायपुर। देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 रविवार को कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच आयोजित की गई। छत्तीसगढ़ में इस परीक्षा में करीब 45 हजार अभ्यर्थी शामिल हुए। राज्यभर में 127 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जबकि राजधानी रायपुर में 25 केंद्रों पर परीक्षा संपन्न हुई।

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की गाइडलाइन के अनुसार परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच, दस्तावेज सत्यापन और सुरक्षा जांच की गई। इस प्रक्रिया में कई जगहों पर अभ्यर्थियों को लगभग आधा घंटा तक इंतजार करना पड़ा। प्रशासन और परीक्षा केंद्रों की ओर से लगातार अनाउंसमेंट कर छात्रों को समय पर पहुंचने और निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने की सलाह दी जाती रही।

रायपुर में परीक्षा केंद्र को लेकर विवाद

रायपुर के चौबे कॉलोनी स्थित मायाराम सुरजन शासकीय विद्यालय में उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब एक अभ्यर्थी को प्रारंभिक जांच के बाद परिसर में प्रवेश दे दिया गया। बताया जा रहा है कि केंद्र के भीतर पहुंचने के करीब 15 मिनट बाद उसे यह कहकर वापस लौटा दिया गया कि उसका परीक्षा केंद्र कहीं और निर्धारित है। घटना के बाद छात्र और उसके परिजनों ने नाराजगी जताई। परीक्षा के दिन इस तरह की स्थिति बनने से कुछ समय के लिए केंद्र के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि बाद में अधिकारियों ने मामले को संभालने की कोशिश की।

जगदलपुर में NSUI का विरोध प्रदर्शन

इधर, बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर में स्थित पीजी कॉलेज परीक्षा केंद्र के बाहर NSUI कार्यकर्ताओं ने NEET परीक्षा और कथित पेपर लीक मामलों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। कुछ देर तक मौके पर तनाव का माहौल रहा, हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया। प्रदर्शन के कारण केंद्र के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई।

सुरक्षा व्यवस्था रही सख्त

NEET-UG 2026 को लेकर राज्यभर के परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। अभ्यर्थियों की पहचान पत्र, एडमिट कार्ड और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई। इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और प्रतिबंधित वस्तुओं को लेकर भी सख्ती बरती गई।

परीक्षा अधिकारियों के अनुसार, अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए केंद्रों पर हेल्प डेस्क और मार्गदर्शन व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई थी।NEET-UG 2026 की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक तैयारी की थी, हालांकि रायपुर और जगदलपुर की घटनाओं ने परीक्षा दिवस पर कुछ समय के लिए हलचल जरूर पैदा कर दी।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS RAIPURNEWS CHAUBECOLONYNEWS RAIPURCHAUBECOLONYNEWS NEETPARIKCHAKEDAURANBAVALNEWS RAIPURMENEETPARIKCHAKEDAURANBAVALNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER