महिला ने भांजे और बहन पर लगाए मारपीट और सोने के जेवर लूटने का आरोप, मामले की जांच में जुटी पुलिस



post

पब्लिक स्वर,कोरबा। शहर के काशीनगर खपराभट्ठा इलाके में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला के साथ कथित तौर पर उसके ही भांजे और बहन ने मारपीट की और सोने के जेवर लूट लिए। घटना का वीडियो और CCTV फुटेज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

मामला सिविल लाइन रामपुर थाना क्षेत्र का है। पीड़िता लालती देवी दिहोलिया (38) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सिलाई का काम कर अपने परिवार का पालन-पोषण करती हैं। 13 मई की सुबह करीब 8:30 से 9:30 बजे के बीच वह अपनी बहन मनीषा ब्यास के घर गई थीं। इसी दौरान उनकी बड़ी बहन लीलावती गिरी और भांजा अभिजीत गिरी उर्फ बाबूमणी वहां पहुंचे।

गाली-गलौज के बाद शुरू हुआ विवाद

पीड़िता के मुताबिक, आते ही दोनों आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर विवाद अचानक हिंसक हो गया। आरोप है कि अभिजीत गिरी ने महिला के साथ हाथ-मुक्कों और डंडे से मारपीट की। हमले में महिला के हाथ, पैर, घुटने और चेहरे पर चोटें आईं। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने बाल पकड़कर उन्हें घसीटा और जान से मारने की धमकी दी।

सोने के जेवर छीनने का आरोप

मारपीट के दौरान महिला के कान में पहनी सोने की टॉप्स और गले में पहनी मराठी माला भी कथित तौर पर छीन ली गई। पीड़िता के अनुसार, लूटे गए जेवरों का कुल वजन करीब 7 ग्राम है, जिसकी कीमत लगभग 70 हजार रुपए बताई जा रही है। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ईंट उठाकर हमला करने की कोशिश कर रहे थे। साथ ही, वे अक्सर मोहल्ले में आने-जाने वाले लोगों को भी धमकाते और गाली देते रहते हैं।

CCTV और मोबाइल VIDEO बने अहम सबूत

घटना आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई। वहीं मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने अपने मोबाइल फोन से भी वीडियो रिकॉर्ड किया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कथित रूप से मारपीट और हंगामे की स्थिति दिखाई दे रही है। स्थानीय लोगों ने भी घटना के दौरान शोर-शराबा और विवाद होने की पुष्टि की है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

सिविल लाइन थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर अपराध क्रमांक 429/2026 दर्ज किया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(6), 296, 351(3), 115(2) और 3(5) के तहत मामला कायम किया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों की तलाश की जा रही है और वायरल वीडियो व CCTV फुटेज की जांच भी की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS KORBANEWS KASHINAGARNEWS KORBAKADHINAGARNEWS MAHILANEBHANJEAURBAHANPARLAGAYEGAMBHIRAROPNEWS MARPITORJEVARLOOTNEWS MARPITKARJEARLOOTNEWS BHANJEORBAHANPARMARPITKAAROPNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER