पब्लिक स्वर,दुर्ग। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की कक्षा 12वीं परीक्षा में श्री शंकराचार्य विद्यालय, हुडको का परीक्षा परिणाम इस वर्ष भी उत्कृष्ट रहा। विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। स्कूल के छात्र सापेक्ष रेवतकर ने 95 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, अविका नेमा ने 93.5 प्रतिशत, गौरव सोनी ने 93.2 प्रतिशत, आकृति ताम्रकार एवं दित्या प्रिया शर्मा ने 92.8-92.8 प्रतिशत अंक अर्जित कर मेरिट सूची में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। खास बात यह रही कि कुल 14 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए, जो विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों की मेहनत को दर्शाता है।
विद्यालय प्रशासन ने इसे छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों के संयुक्त प्रयास का परिणाम बताया। परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद स्कूल परिसर में उत्साह का माहौल रहा। सफल विद्यार्थियों ने अपनी उपलब्धि का श्रेय नियमित अध्ययन, शिक्षकों के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग को दिया।
गंगाजली शिक्षण समिति के चेयरमेन आई.पी. मिश्र, विद्यालय के डायरेक्टर दीपक शर्मा एवं मोनीषा शर्मा तथा प्राचार्य अमिताभ दास ने सभी सफल विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यालय हमेशा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उत्कृष्ट शिक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहा है।

User 1












