पब्लिक स्वर,बिलासपुर। शहर में 45 लाख रुपये कीमत की चांदी से भरे पार्सल के गायब होने का मामला सामने आया है। सराफा कारोबारी की सूझबूझ और एडवांस CCTV कैमरे की मदद से 18 किलो चांदी वाला पार्सल पुराना बस स्टैंड के पास एक कबाड़ दुकान से बरामद किया गया। हालांकि पार्सल में से करीब 2400 ग्राम चांदी गायब मिली है। मामले में कबाड़ दुकान संचालक छोटू पांडेय फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। पूरा मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
राजकोट से मंगाई गई थी 28 किलो चांदी
जानकारी के मुताबिक, सदर बाजार स्थित प्रतिमा ज्वेलर्स के संचालक ने गुजरात के राजकोट से करीब 28 किलो चांदी के जेवर मंगाए थे। चांदी को दो अलग-अलग पार्सलों में लॉजिस्टिक कंपनी के जरिए रायपुर भेजा गया, जहां से वीआईपी कुरियर के माध्यम से बिलासपुर पहुंचाया गया।
9 अप्रैल की सुबह कुरियर कंपनी का डिलीवरी ब्वॉय दोनों पार्सल लेकर निकला था। रास्ते में उससे 18 किलो चांदी वाला एक पार्सल गिर गया, जबकि 10 किलो वाला पार्सल सुरक्षित दुकान तक पहुंच गया। जब कारोबारी को केवल एक ही पैकेट मिला तो उसने तुरंत दूसरे पार्सल की तलाश शुरू कर दी और कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई।
कुरियर ब्वॉय ने बताया रास्ते में गिरा था पार्सल
पुलिस पूछताछ में कुरियर ब्वॉय ने बताया कि पार्सल सत्या शो-रूम से लेकर लाडीकर हॉस्पिटल के बीच कहीं गिर गया होगा। शुरुआती जांच में पुलिस को आसपास लगे CCTV कैमरों से कोई स्पष्ट सुराग नहीं मिला। इसके बाद खुद कारोबारी ने पुलिस के साथ इलाके के कैमरे खंगालने शुरू किए।
एडवांस कैमरे ने 300 मीटर दूर से पकड़ी तस्वीर
जांच के दौरान पुराना बस स्टैंड स्थित राजीव प्लाजा की एक रेडीमेड दुकान में लगे हाई-रिजॉल्यूशन कैमरे का फुटेज देखा गया। फुटेज में साफ दिखाई दिया कि छोटू पांडेय की कबाड़ दुकान के सामने से गुजरते समय कुरियर वाहन से पार्सल नीचे गिर गया था।
खास बात यह रही कि कैमरा और घटना स्थल के बीच करीब 300 मीटर की दूरी थी, लेकिन कैमरे की एडवांस क्वालिटी के कारण पार्सल गिरने का दृश्य स्पष्ट नजर आ गया। इसी फुटेज के आधार पर पुलिस कबाड़ दुकान तक पहुंची।
कबाड़ के बीच छिपाकर रखा था पार्सल
मंगलवार को पुलिस ने कबाड़ दुकान में दबिश दी। वहां काम करने वाले लड़कों से पूछताछ करने पर पता चला कि सड़क पर गिरा पार्सल उन्होंने उठाकर दुकान संचालक छोटू पांडेय को दे दिया था। आरोप है कि उसने पार्सल को दुकान में रखी शीशी-बोतलों और कबाड़ के पीछे छिपाकर रखा था। पुलिस ने जब पार्सल बरामद किया तो उसमें करीब 2400 ग्राम चांदी कम मिली। दुकान में काम करने वाले कर्मचारियों ने पुलिस को बताया कि बाकी चांदी छोटू पांडेय अपने साथ लेकर फरार हो गया है।
फरार कबाड़ी की तलाश में पुलिस
फिलहाल पुलिस आरोपी कबाड़ दुकान संचालक छोटू पांडेय की तलाश कर रही है। वहीं, इस मामले ने शहर में कुरियर सुरक्षा और महंगे पार्सलों की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

User 1












