निर्माणाधीन मकान में एक ही परिवार के 4 लोगों की सोते समय हत्या, गांव में दहशत



post

पब्लिक स्वर,जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले से एक सनसनीखेज सामूहिक हत्याकांड सामने आया है। शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के ग्राम भवंतरा में एक ही परिवार के चार लोगों की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई। मृतकों में दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, परिवार के सदस्य गांव में बन रहे अपने नए मकान में सो रहे थे। बुधवार देर रात अज्ञात आरोपी ने घर में घुसकर चारों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमला इतना बेरहमी से किया गया कि चारों की मौके पर ही मौत हो गई।

सुबह मिस्त्री ने देखा खून से सनी लाशें

घटना का खुलासा गुरुवार सुबह तब हुआ, जब निर्माण कार्य के लिए एक मिस्त्री मौके पर पहुंचा। उसने मकान के भीतर खाट पर चार लोगों को बेसुध हालत में पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर चारों खून से लथपथ मिले। इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। मृतकों की पहचान, मेदनी प्रसाद कश्यप, पीताम्बर कश्यप,शांति बाई, कुमारी मोगरा के रूप में हुई है।

नए मकान में रह रहा था परिवार

बताया जा रहा है कि परिवार अपने निर्माणाधीन मकान की देखरेख के लिए वहीं रुककर सोता था। इसी दौरान देर रात वारदात को अंजाम दिया गया। शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश या आपसी विवाद से जुड़ा माना जा रहा है, हालांकि पुलिस अभी सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

पड़ोसी संदेही हिरासत में

घटना की सूचना मिलते ही सरपंच राजाराम कश्यप ने पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद शिवरीनारायण थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।

एएसपी उमेश कश्यप ने बताया कि चारों की हत्या धारदार हथियार से की गई है। मामले में एक पड़ोसी संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या के कारणों और आरोपी की भूमिका को लेकर जांच में जुटी हुई है।

गांव में मातम, पुलिस पर जल्द खुलासे का दबाव

एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या से गांव के लोग स्तब्ध हैं। ग्रामीणों में भय का माहौल है। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS JANNHIRNEWS JANJGIRCHANOANEWS CHARLOGOKIHATYANEWSE SOTEVAKTCHARLOGOKIHATYANEWS KHATARMILICHARLASHENEWS SHIVRINARAYANTHANANEWS JANJGIRCHANPASHIVRINARAYANNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER