पब्लिक स्वर,बिलासपुर। बिलासपुर जिले में गुरुवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कोयला से भरी एक मालगाड़ी के वैगन में अचानक आग लग गई। घटना गतौरा रेलवे स्टेशन के पास की बताई जा रही है। आग लगने के बाद रेलवे प्रशासन, आरपीएफ और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की गई। समय रहते ट्रेन रोक दिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, कोयला लदी मालगाड़ी बिलासपुर की ओर आ रही थी। इसी दौरान ट्रेन के एक वैगन से धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते धुआं आग की लपटों में बदल गया, जिसके बाद रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल सतर्कता दिखाते हुए ट्रेन को गतौरा स्टेशन के पास रोक दिया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वैगन से काफी देर तक धुआं निकलता रहा, जिससे आसपास के इलाके में भी हलचल मच गई। रेलवे अधिकारियों ने एहतियात के तौर पर प्रभावित ट्रैक पर कुछ समय के लिए रेल परिचालन धीमा कर दिया। इससे कुछ ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित होने की भी जानकारी सामने आई है।
प्राथमिक जांच में माना जा रहा है कि भीषण गर्मी और अत्यधिक तापमान के कारण कोयले में स्वतः दहन (Self Ignition) की स्थिति बनी होगी। विशेषज्ञों के अनुसार, लंबे समय तक गर्म वातावरण में रहने पर कोयले के अंदर रासायनिक प्रतिक्रिया तेज हो जाती है, जिससे आग लगने की आशंका बढ़ जाती है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। रेलवे प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है और आग बुझाने का काम तेजी से जारी है।

User 1












