पब्लिक स्वर,बिलासपुर। शहर में बढ़ती गुंडागर्दी, चाकूबाजी और सड़क पर हुड़दंग मचाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने बड़ा अभियान छेड़ दिया है। एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर अप्रैल 2026 से 12 मई 2026 तक जिलेभर में चलाए गए विशेष अभियान के तहत कुल 513 व्यक्तियों और प्रकरणों पर वैधानिक एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई के बाद बदमाशों में हड़कंप मच गया है।
सड़कों पर दिखा पुलिस का सख्त एक्शन
अभियान के दौरान जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई की गई। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर उत्पात मचाने वाले, चाकू लेकर घूमने वाले, निगरानी बदमाश, बिना नंबर प्लेट वाहनों से घूम रहे संदिग्ध और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले लोगों को पुलिस ने निशाने पर लिया। कई स्थानों पर पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए बदमाशों को पकड़कर सार्वजनिक रूप से उठक-बैठक कराई और माफी मंगवाई। पुलिस का उद्देश्य आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाना और अपराधियों में कानून का डर कायम करना बताया जा रहा है।
थानों में हुई कार्रवाई का ब्योरा
थाना सिविल लाइन में धारा 151 के तहत – 55 कार्रवाईधारा 107/116 – 76 मामले, आर्म्स एक्ट – 11 मामले, धारा 128 – 09 मामले, धारा 129 – 08 मामले। थाना कोतवाली में धारा 151 – 21 मामले, धारा 107/116 – 93 मामले, आर्म्स एक्ट – 02 मामले। थाना तोरवा में धारा 151 – 11 मामले, आर्म्स एक्ट – 03 मामले, चाकूबाजी – 02 मामले। थाना सरकंडा में धारा 151 – 55 मामले, धारा 107/116 – 130 मामले, आर्म्स एक्ट – 15 मामले वही थाना कोनी – धारा 151 का 01 मामला, थाना चकरभाठा – धारा 151 के 13 और आर्म्स एक्ट का 01 मामला, थाना सिरगिट्टी – धारा 151 के 03 और आर्म्स एक्ट के 04 मामले शामिल हैं।
SSP का साफ संदेश: कानून तोड़ोगे तो कार्रवाई तय
एसएसपी रजनेश सिंह ने साफ संकेत दिए हैं कि शहर में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों, हथियार लेकर घूमने वालों और आम लोगों में दहशत फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ आगे भी इसी तरह अभियान जारी रहेगा। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अपराध और गुंडागर्दी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

User 1












