देर रात होटल का ताला तोड़ 70 हजार की चोरी, CCTV में कैद हुए दो संदिग्ध युवक



post

पब्लिक स्वर,जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के हथनेवरा स्थित महाराणा प्रताप चौक के पास एक होटल में चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने देर रात लाला होटल का ताला तोड़कर गल्ले में रखे करीब 70 हजार रुपये नकद पार कर दिए। घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में नाराजगी और चिंता का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, होटल संचालक लाला सिंह ठाकुर गांव में आयोजित भागवत कथा में शामिल होने के लिए रात में होटल बंद कर घर चले गए थे। रोज की तरह सुबह करीब 6 बजे जब वे होटल पहुंचे, तब मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखने पर गल्ले में रखी नकदी गायब थी। इसके बाद उन्होंने तुरंत चांपा थाना पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर दो संदिग्ध युवक चोरी करते नजर आए हैं। फुटेज में दोनों युवक देर रात होटल के आसपास घूमते और फिर ताला तोड़कर अंदर प्रवेश करते दिखाई दे रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। आसपास के इलाकों में भी पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों को होटल की गतिविधियों और नकदी रखे होने की जानकारी पहले से थी।

घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताई है। व्यापारियों का कहना है कि रात के समय पुलिस गश्त पर्याप्त नहीं होने के कारण असामाजिक तत्व सक्रिय हो रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश में जुटी हुई है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS JANJGIRCHANPANEWS HATNEVRANEWS JANJGIRCHANPAHATNEVRANEWS DERRAATHOTALKATODATALANEWS HOTALKATALATOD70HAJARKICHORINEWS 70HAJARKICHORINEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER