पब्लिक स्वर,कोंडागांव। कोंडागांव जिले के फरसगांव विकासखंड के ग्राम कोटपाड में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। नाले में नहाने गए दो चचेरे मासूम भाइयों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद दोनों परिवारों सहित पूरे गांव में मातम का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, 6 वर्षीय साजन पोयाम (पिता- केशव पोयाम) और 7 वर्षीय ऋषभ पोयाम (पिता- तेजराज पोयाम) बुधवार को गांव के पास स्थित नाले में नहाने के लिए गए थे। नहाने के दौरान दोनों बच्चे नाले के एक गहरे गड्ढे में चले गए और पानी में डूब गए। मासूमों को गहराई का अंदाजा नहीं लग पाया, जिसके चलते यह दर्दनाक हादसा हो गया।
शाम तक दोनों बच्चों के घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। परिवार और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान नाले के किनारे बच्चों के कपड़े मिले, जिसके बाद ग्रामीणों ने पानी में तलाश अभियान चलाया। काफी प्रयास के बाद रात करीब 8 बजे दोनों बच्चों के शव नाले से बाहर निकाले गए।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ेडोगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनों बच्चों के शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिए गए।
परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
इस हादसे ने दोनों परिवारों की खुशियां एक झटके में छीन लीं। मृतक ऋषभ पोयाम अपने माता-पिता की इकलौती संतान था, जबकि साजन पोयाम की एक बड़ी बहन है और वह परिवार का एकमात्र बेटा था। साजन की मां पूर्णिमा पोयाम कोटपाड क्षेत्र की जनपद सदस्य हैं। एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों की असमय मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं।
गांव में शोक, हर आंख नम
दो मासूम भाइयों की मौत की खबर फैलते ही पूरे कोटपाड गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों बच्चे हमेशा साथ रहते थे और खेलते-कूदते नजर आते थे। उनकी अचानक हुई मौत ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है। अंतिम दर्शन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।

User 1









