पब्लिक स्वर,बिलासपुर। बिलासपुर जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र में देर रात घर लौट रहे एक युवक के साथ लूटपाट की वारदात सामने आई है। तीन बदमाशों ने स्कूटी सवार युवक को रास्ते में रोककर हमला किया, चाकू की नोक पर नकदी लूट ली और उसकी स्कूटी लेकर फरार हो गए। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम, वाहन और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया गया है।
घर लौटते समय बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, ग्राम सेंवार निवासी सुनील यादव सिरगिट्टी स्थित एक कोल्डड्रिंक्स कंपनी में हाउसकीपिंग का काम करता है। मंगलवार रात करीब 10:30 बजे वह अपनी स्कूटी (सीजी 10 ईडी 9432) से ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहा था। इसी दौरान चकरभाठा क्षेत्र में बाइक सवार तीन युवकों ने उसका पीछा किया और पीछे से थप्पड़ मारकर उसे सड़क पर गिरा दिया। युवक के गिरते ही आरोपियों ने उसकी जेब से नकदी निकाल ली। इसके बाद मोबाइल की टॉर्च जलाकर उसका चेहरा देखा और चाकू दिखाकर डराने लगे। पीड़ित के मुताबिक, एक आरोपी ने उसकी गर्दन पर चाकू अड़ा दिया, जबकि दूसरे ने जेब से पैसे निकाल लिए।
कार की रोशनी देख घबराए आरोपी
लूटपाट के बाद आरोपी उसकी स्कूटी लेकर भागने लगे। हालांकि कुछ दूरी पर जाने के बाद वे फिर वापस लौटे और दोबारा धमकाने की कोशिश की। इसी बीच सामने से आ रही एक कार की तेज रोशनी देखकर तीनों घबरा गए और स्कूटी व नकदी लेकर सिरगिट्टी की ओर फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने डायल-112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस की संयुक्त टीम ने सुलझाया मामला
घटना को गंभीरता से लेते हुए सीएसपी निमितेश सिंह के निर्देश पर चकरभाठा पुलिस और एसीसीयू (ACCU) की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान सिरगिट्टी के नयापारा क्षेत्र में रहने वाले युवकों के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने संदिग्धों के ठिकानों पर दबिश देकर तीनों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
नाबालिग समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में प्रकाश यादव उर्फ रवि यादव (20), रोहन दास (21) और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से लूट की 395 रुपये नकद राशि, वारदात में प्रयुक्त चाकू तथा प्लेजर मोपेड बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

User 1









