पब्लिक स्वर,धमतरी। अवैध शराब बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रूद्री पुलिस ने दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 12 लीटर देशी महुआ शराब और एक स्कूटी जब्त की है। जब्त सामान की कुल कीमत 27 हजार 400 रुपये बताई गई है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गंगरेल डेम पुल के पास दो व्यक्ति स्कूटी से अवैध रूप से महुआ शराब बिक्री के लिए ले जा रहे हैं। सूचना के बाद रूद्री पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर स्कूटी सवार दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान स्कूटी क्रमांक CG-05-AJ-1576 से प्लास्टिक झिल्ली में रखे 18 पैकेट देशी महुआ शराब बरामद हुई। बरामद शराब की मात्रा करीब 12 लीटर बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमल देव मरकाम (20 वर्ष) निवासी ग्राम बोरिदखुर्द थाना रूद्री और चुम्मन लाल नेताम (45 वर्ष) निवासी ग्राम कोटरवाही थाना मगरलोड के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना रूद्री में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।धमतरी पुलिस ने कहा है कि अवैध शराब, मादक पदार्थों और नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

User 1
















