पब्लिक स्वर,दंतेवाड़ा। दंतेवाड़ा जिले के गीदम रेंज के गुमलनार इलाके में वन विभाग ने तेंदुए का शिकार करने वाले 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से तेंदुए की खाल बरामद हुई है। जानकारी के मुताबिक, शिकारियों ने पहले नदी किनारे फंदा लगाकर तेंदुए को जिंदा पकड़ा, फिर उसके सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर उसे मार डाला। इसके बाद उसकी खाल निकाल ली और मांस खा गए।
वन विभाग को खाल बेचने की सूचना मिली थी, जिसके बाद DFO रंगनाधा रामाकृष्णा वाय के निर्देश पर बचेली रेंजर डॉ. प्रीतेश पांडेय के नेतृत्व में टीम बनाई गई। टीम के सदस्य ग्राहक बनकर आरोपियों से संपर्क में आए और सौदा करने के दौरान उन्हें पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुंदरलाल, धरमू सिमरथ, दियालू, दिनेश कश्यप और गोबरु के रूप में हुई है।
बरामद खाल के आधार पर तेंदुए की उम्र करीब 6 से 7 साल बताई जा रही है। आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिसमें सख्त सजा और जुर्माने का प्रावधान है। वन विभाग ने इस कार्रवाई को वन्यजीव अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता बताया है और आगे भी सख्ती जारी रखने की बात कही है।

User 1








