पब्लिक स्वर,कोंडागांव। कोंडागांव जिले में लंबे समय से बहुप्रतीक्षित केशकाल घाट फोरलेन बायपास परियोजना को लेकर सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने 19 मई को रायपुर-जगदलपुर मार्ग पर प्रस्तावित बायपास रूट का मौके पर निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान विभागीय अधिकारी, निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि और प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान सचिव बंसल ने बायपास के दोनों छोरों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को निर्माण कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केशकाल घाट बायपास बस्तर संभाग के लिए बेहद महत्वपूर्ण परियोजना है, जिसे सरकार प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करना चाहती है।
PWD सचिव ने वन विभाग के अधिकारियों को मार्ग में आने वाले शेष पेड़ों की कटाई प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही भूमि अधिग्रहण और मुआवजा संबंधी लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए जल्द निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
11.38 किमी लंबा होगा बायपास, लागत 308 करोड़ रुपए
लोक निर्माण विभाग के अनुसार, यह फोरलेन बायपास लगभग 308 करोड़ रुपए की लागत से बनाया जाएगा। इसकी कुल लंबाई 11.38 किलोमीटर होगी, जिसमें दो बड़े और दो मध्यम पुलों का निर्माण भी शामिल है।
अधिकारियों का मानना है कि बायपास बनने के बाद केशकाल घाट में यातायात का दबाव कम होगा और दुर्घटनाओं में कमी आएगी। खासकर बारिश के मौसम में लगने वाले जाम और हादसों से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। इससे रायपुर से बस्तर की यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित और सुगम हो सकेगी।
जिले में आयुष्मान भारत अभियान भी तेज
इधर जिले में आयुष्मान भारत योजना के तहत हर पात्र परिवार तक स्वास्थ्य सुरक्षा पहुंचाने के लिए विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग गांव, पारा और टोला स्तर तक अभियान को गति दे रहा है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से शिविर लगाए जा रहे हैं, जहां नए आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं और पुराने कार्डों में सुधार का कार्य भी किया जा रहा है।
विकासखंड कोंडागांव के संबलपुर केंद्र में लगातार शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। सेक्टर प्रभारी कृष्ण कुमार पटेल और स्वास्थ्य पर्यवेक्षक संजय नायडू ने बताया कि शासन की मंशा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे।
अभियान के तहत 18 मई को स्कूल पारा में 28 नए आयुष्मान कार्ड बनाए गए, जबकि 32 पुराने कार्डों के विलोपन के लिए चिन्हांकन किया गया। वहीं 19 मई को नया पारा में 39 नए कार्ड बनाए गए। स्वास्थ्य कर्मचारियों और मितानिनों द्वारा घर-घर जाकर ग्रामीणों को जागरूक भी किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग योजना का लाभ ले सकें।

User 1












