बिना दस्तावेज ट्रक में भरकर ले जाया जा रहा था 23 लाख से अधिक का संदिग्ध कबाड़, पुलिस ने किया जब्त



post

पब्लिक स्वर,रायगढ़। रायगढ़ जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत रायगढ़ पुलिस ने अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन और एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन में थाना जूटमिल और थाना छाल पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए करीब 24 टन 53 किलोग्राम संदिग्ध कबाड़ और सरिया जब्त किया है। जब्त सामग्री और वाहनों की कुल अनुमानित कीमत 23 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है।

पुलिस ने प्रारंभिक जांच में सामग्री के चोरी की संपत्ति होने की आशंका जताते हुए संबंधित आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।

जूटमिल पुलिस ने ट्रक समेत 20 लाख का कबाड़ पकड़ा

थाना जूटमिल पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पटेलपाली सब्जी मंडी के पास मुख्य मार्ग पर खड़े एक ओडिशा पासिंग ट्रक में भारी मात्रा में कबाड़ लोड है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर ट्रक को पकड़ा। जांच में ट्रक क्रमांक OD-19-C-4666 में लोहे और टीन का भारी मात्रा में कबाड़ लोड मिला। ट्रक चालक की पहचान प्रमोद कुमार यादव (26 वर्ष) निवासी समस्तीपुर, बिहार और वर्तमान निवासी भुवनेश्वर, ओडिशा के रूप में हुई।

पुलिस द्वारा वाहन और कबाड़ से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे जाने पर चालक कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में लगभग 24 टन कबाड़, जिसकी कीमत करीब 8 लाख रुपए, तथा ट्रक जिसकी कीमत लगभग 12 लाख रुपए आंकी गई, को जब्त कर लिया। कुल जब्ती करीब 20 लाख रुपए की बताई गई है।

इस मामले में थाना जूटमिल में इस्तगासा क्रमांक 04/26 के तहत धारा 35 (क), (ड) बीएनएसएस और 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक लोमश सिंह राजपूत, आरक्षक नरेश रजक और परमानंद पटेल की अहम भूमिका रही।

छाल थाना क्षेत्र में 5.3 टन सरिया जब्त

इसी क्रम में थाना छाल पुलिस ने ग्राम बेहरामार में कार्रवाई करते हुए एक शेड से भारी मात्रा में सरिया बरामद किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि यहां अवैध रूप से लोहे का सरिया रखा गया है, जिसके चोरी की संपत्ति होने की आशंका है। थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी भोजराम पटेल (38 वर्ष) निवासी बेहरामार से पूछताछ की और तलाशी ली। तलाशी के दौरान शेड में कामधेनु कंपनी का बड़ी मात्रा में सरिया मिला, जिसमें—8 एमएम के 22 बंडल, 10 एमएम के 21 बंडल, 12 एमएम के 12 बंडल शामिल थे।

कुल 5300 किलोग्राम सरिया की कीमत करीब 3 लाख 15 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस द्वारा बिल और वैध दस्तावेज मांगे जाने पर भोजराम पटेल कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने सरिया जब्त कर धारा 35(1-C) बीएनएसएस एवं 303(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की। नइस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक अशोक देवांगन और आरक्षक राजेश राठौर शामिल रहे।

कबाड़ कारोबार पर पुलिस की सख्ती

रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाया जा रहा “ऑपरेशन प्रहार” अब अवैध कबाड़ कारोबार और चोरी की संपत्तियों की खरीद-फरोख्त पर केंद्रित नजर आ रहा है। औद्योगिक क्षेत्रों में सक्रिय कबाड़ नेटवर्क लंबे समय से पुलिस और प्रशासन के लिए चुनौती बने हुए हैं, क्योंकि चोरी की मशीनरी, लोहे और निर्माण सामग्री को कबाड़ के रूप में खपाने की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं।।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में संदिग्ध कबाड़ और बिना दस्तावेज के लोहे-सरिया के परिवहन एवं भंडारण पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS RAYGADHNEWS BINADASTAVEJTRAKMEKABAJNEWS 23LAKHSEADHIKKASANDIGDHKABADHNEWS SANDIGDHKABADHNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER