पब्लिक स्वर,बिलासपुर। शहर के कोनी थाना क्षेत्र स्थित देवनगर वांबे कॉलोनी में मंगलवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब एक फ्लैट में कथित रूप से गोमांस पकाए जाने और सेवन किए जाने की सूचना फैल गई। सूचना मिलते ही हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस के मुताबिक, सूचना मिली थी कि फ्लैट में रहने वाले विकास बांधे और उसकी पत्नी रुक्मिणी द्वारा कथित रूप से गोमांस पकाया जा रहा है। मामले की जानकारी आसपास के लोगों और स्थानीय संगठनों तक पहुंचने के बाद इलाके में भीड़ जुटने लगी। लोगों ने आरोप लगाया कि दंपती लंबे समय से इस तरह की गतिविधियों में शामिल थे और कई बार उन्हें समझाइश भी दी गई थी।
पुलिस ने फ्लैट से मांस जब्त किया
कोनी थाना प्रभारी राजश्री दामू कोशले ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने फ्लैट की तलाशी ली, जहां से कच्चे मांस के टुकड़े और पका हुआ मांस बरामद किया गया। पुलिस ने सभी नमूनों को जब्त कर परीक्षण के लिए लैब भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि जब्त मांस किस प्रकार का है। पुलिस के अनुसार, फ्लैट में मौजूद पति-पत्नी नशे की हालत में पाए गए। महिला को आसपास की महिलाओं की मदद से बाहर निकाला गया, जबकि उसके पति को स्वास्थ्य जांच के लिए पुलिस वाहन से अस्पताल भेजा गया।
हिंदू संगठनों ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
घटना के बाद हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने कोनी थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। संगठन के सदस्यों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में इस तरह की घटनाएं बढ़ सकती हैं। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस को बताया कि फ्लैट से अक्सर मांस सुखाने जैसी गतिविधियां दिखाई देती थीं, जिससे कॉलोनी में रहने वाले लोग नाराज थे। कई बार विरोध के बावजूद कथित गतिविधियां जारी रहने का आरोप लगाया गया है।
जांच रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई
फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मामले को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

User 1











