पब्लिक स्वर,कांकेर। कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर में सोमवार तड़के एक दर्दनाक रेल हादसे में सेवानिवृत्त शिक्षक की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। परिवार में हाल ही में संपन्न हुए विवाह की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान हीरामणि साहू (80 वर्ष) के रूप में हुई है, जो भानुप्रतापपुर क्षेत्र के निवासी और पेशे से सेवानिवृत्त शिक्षक थे। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह करीब 5 बजे वे रेलवे पटरी पार कर रहे थे। इसी दौरान भानुप्रतापपुर से रायपुर की ओर जा रही ट्रेन की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही भानुप्रतापपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शादी के बाद घर में पसरा सन्नाटा
परिजनों और आसपास के लोगों के अनुसार, साहू परिवार में हाल ही में शादी समारोह संपन्न हुआ था। घर में अभी उत्सव और मेहमानों का माहौल बना हुआ था, लेकिन सुबह आई इस दुखद खबर ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया। रिश्तेदारों और गांव के लोगों की भीड़ घर पहुंचने लगी और माहौल गमगीन हो गया।

User 1










