पब्लिक स्वर,अभनपुर/रायपुर। अभनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम खोरपा में 21 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान दिलीप साहू (21 वर्ष), पिता स्वर्गीय रिखम साहू, निवासी शास्त्री चौक, ग्राम खोरपा के रूप में हुई है। युवक का शव गांव के तालाब के पास स्थित एक बरगद के पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर अभनपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
सूत्रों के अनुसार, घटना से पहले दिलीप साहू के साथ उसके मौसी के बेटे और उसके कुछ दोस्तों द्वारा कथित रूप से मारपीट की गई थी। बताया जा रहा है कि मारपीट के बाद वह मानसिक तनाव में था। इसके बाद उसका शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। हालांकि, युवक ने तनाव में आकर आत्महत्या की या फिर मामला हत्या का है, इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। फिलहाल पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
वही पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का। पुलिस परिजनों, ग्रामीणों और घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है, जबकि परिजन मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

User 1











