पब्लिक स्वर,बिलासपुर। बिलासपुर केंद्रीय जेल में रविवार सुबह एक दुखद हादसा हो गया। नहाने के दौरान पैर फिसलने से एक बंदी गंभीर रूप से घायल हो गया। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद उसे तत्काल उपचार के लिए छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद जेल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान तखतपुर निवासी 62 वर्षीय जनकराम साहू (पिता- इतवारी साहू) के रूप में हुई है। वह हत्या के एक मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था और बिलासपुर केंद्रीय जेल में निरुद्ध था।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह जनकराम साहू जेल परिसर में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान उनका पैर अचानक फिसल गया और गिरने से उनका सिर पास में मौजूद पत्थर से जोरदार तरीके से टकरा गया। हादसे में उन्हें गंभीर चोट आई। जेल प्रशासन ने तत्काल उन्हें सिम्स अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, जेल प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। जेल अधीक्षक के अनुसार, यह पता लगाया जा रहा है कि जिस स्थान पर बंदी गिरा, वहां काई या फिसलन थी या फिर दुर्घटना के पीछे कोई अन्य कारण था। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

User 1












