पब्लिक स्वर,रायपुर/ छत्तीसगढ़ सरकार ने बर्खास्त 2621 बीएडधारी सहायक शिक्षकों के भविष्य को लेकर बड़ा निर्णय लिया है। स्कूल शिक्षा विभाग ने इन शिक्षकों के समायोजन के लिए आदेश जारी कर दिया है। समायोजन की प्रक्रिया 17 जून से 26 जून तक रायपुर स्थित एससीईआरटी परिसर, शंकर नगर में ओपन काउंसिलिंग के माध्यम से की जाएगी।
काउंसिलिंग के दौरान चयनित अभ्यर्थियों को उनके द्वारा चुने गए विद्यालय में नियुक्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। राज्य के 29 जिलों में सहायक शिक्षक (विज्ञान) पद के लिए 2621 रिक्त स्थान चिह्नित किए गए हैं।
दोपाली व्यवस्था में होगी काउंसिलिंग
समायोजन प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए प्रतिदिन दो पालियों में काउंसिलिंग आयोजित की जाएगी। प्रत्येक पाली में 150-150 अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे, जिससे प्रतिदिन कुल 300 अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग सुनिश्चित हो सकेगी।
वेबसाइट पर उपलब्ध है सूची
काउंसिलिंग में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों की सूची स्कूल शिक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://eduportal.cg.nic.in/ पर उपलब्ध है। उप संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय ने सभी अभ्यर्थियों से आग्रह किया है कि वे निर्धारित तिथि और समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ काउंसिलिंग स्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें।
यह निर्णय उन बीएडधारी शिक्षकों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है, जो लंबे समय से नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे थे।

User 1













