धमतरी post authorUser 1 04 June 2026

गंगरेल बांध पहुंची मां ने बच्ची को किनारे छोड़ पानी में लगाई छलांग, लोगों ने बचाई जान



post

पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल और जलाशय गंगरेल बांध में गुरुवार को एक महिला द्वारा आत्महत्या का प्रयास किए जाने की घटना से हड़कंप मच गया। महिला ने अपनी डेढ़ साल की बेटी को किनारे छोड़कर बांध के पानी में छलांग लगा दी। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों की सतर्कता और तत्परता से उसकी जान बच गई। महिला को तत्काल बाहर निकालकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार, महिला की पहचान सतवंतीन निर्मलकर के रूप में हुई है। वह मूल रूप से पूरी गांव की निवासी बताई जा रही है। पिछले कुछ महीनों से वह अपने मायके नगरी के छिपलीपारा में रह रही थी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक महिला अपने वैवाहिक जीवन में चल रही परेशानियों और पति की कथित प्रताड़ना से मानसिक रूप से बेहद परेशान थी।

बताया जा रहा है कि इसी तनाव के चलते वह अपनी डेढ़ वर्षीय बेटी को साथ लेकर गंगरेल बांध पहुंची। वहां उसने बच्ची को सुरक्षित किनारे छोड़ दिया और पानी में उतरकर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों की नजर महिला पर पड़ गई। लोगों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के बाद महिला को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। राहत की बात यह है कि महिला और उसकी बच्ची दोनों सुरक्षित हैं।

सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस महिला के बयान और परिस्थितियों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं घटना ने एक बार फिर घरेलू विवाद, वैवाहिक प्रताड़ना और मानसिक तनाव जैसे गंभीर सामाजिक मुद्दों को सामने ला दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते बचाव नहीं किया जाता तो यह घटना एक बड़े हादसे में बदल सकती थी। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS DHAMTARINEWS GANGRELBANDHNEWS DEDHSALKEMASUNMKOCHODKARMAHILANEGANGRELBANDHMELAGAICHALANGNEWS MAHILANEGANGRELBANDHMELAGAICHALANGNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER