फास्ट फूड दुकानों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की नजर, खराब मोमोस मौके पर नष्ट



post

पब्लिक स्वर,बलौदाबाजार। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर जिले में खाद्य एवं पेय पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को खाद्य सुरक्षा टीम ने भाटापारा शहर के विभिन्न मोमोस और फास्ट फूड सेंटरों का औचक निरीक्षण कर खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच की।

निरीक्षण के दौरान त्रिपुरा सुंदरा देवी मोमोस सेंटर एवं डबल बहादुर मोमोस सेंटर में खराब एवं उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाए गए खाद्य पदार्थों को मौके पर ही नष्ट कराया गया। टीम ने त्रिपुरा सुंदरा देवी मोमोस सेंटर से करीब 2 किलोग्राम खराब मोमोस तथा डबल बहादुर मोमोस सेंटर से 1 किलोग्राम खराब मोमोस एवं चटनी नष्ट कराई।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने त्रिपुरा सुंदरा देवी मोमोस सेंटर, डबल बहादुर मोमोस सेंटर, जय हिंद होटल के पास स्थित प्रतिष्ठानों तथा पशुपतिनाथ मोमोस एंड चाइनीज सेंटर की भी जांच की। इस दौरान मोमोस चटनी, स्टीम्ड वेज मोमोस, चाइनीज पकौड़ा, फ्राई वेज मोमोस और फिंगर चिप्स के नमूने एकत्र कर खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

जांच के दौरान संबंधित प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों के रखरखाव में कमियां पाए जाने पर संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से शहर के खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया है, वहीं उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS BALAUDABAJARNEWS BHANTHAPARANEWS BALAUDABAJARBHANTHAPARANEWS FASTFOODDUKANOPARKHADYVIBHAGKINAJARNEWS KHADYSHURAKCHAVIBHAGNEWS KHARABMOMOSHKOMAUKEPARKIYAGAYANASTNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER