पब्लिक स्वर,रायपुर। छत्तीसगढ़ के विभिन्न नगर निगमों और नगर पंचायतों में हुए उपचुनावों के नतीजे घोषित हो गए हैं। परिणामों में कांग्रेस ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए 6 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा को 3 सीटों पर सफलता मिली। सबसे चर्चित मुकाबलों में बिलासपुर और जगदलपुर नगर निगम के उपचुनाव रहे, जहां कांग्रेस ने भाजपा को करारी शिकस्त दी।
जगदलपुर में कांग्रेस का गढ़ बरकरार
जगदलपुर नगर निगम के इंदिरा वार्ड में कांग्रेस प्रत्याशी रामकृष्ण तिवारी ने भाजपा उम्मीदवार मनोहर दत्त तिवारी को 436 वोटों से हराया। मनोहर दत्त तिवारी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव के करीबी माने जाते हैं। इंदिरा वार्ड लंबे समय से कांग्रेस का मजबूत गढ़ रहा है। पिछले करीब 30 वर्षों से इस वार्ड में कांग्रेस का कब्जा बना हुआ है। यह सीट कांग्रेस के वरिष्ठ पार्षद अब्दुल रशीद के निधन के बाद रिक्त हुई थी। अब्दुल रशीद लगातार चार बार पार्षद चुने गए थे, जबकि उनकी माता भी दो बार इस वार्ड का प्रतिनिधित्व कर चुकी थीं।
बिलासपुर में कांग्रेस की बड़ी जीत
बिलासपुर नगर निगम के वार्ड क्रमांक 29 (संजय गांधी नगर) में कांग्रेस प्रत्याशी शेख आजम ने भाजपा के मधुसूदन राव को 1062 वोटों के बड़े अंतर से पराजित किया। यह वार्ड भी कांग्रेस का पारंपरिक गढ़ माना जाता है, जहां पिछले 40 वर्षों से कांग्रेस का दबदबा कायम है।यह सीट पूर्व पार्षद शेख असलम के निधन के बाद रिक्त हुई थी। उपचुनाव में उनके पुत्र शेख आजम ने जीत हासिल कर परिवार और कांग्रेस की राजनीतिक विरासत को बरकरार रखा।
इन क्षेत्रों में भाजपा को मिली जीत
उपचुनावों में भाजपा ने सूरजपुर के शिवनंदनपुर, कवर्धा के सहसपुर लोहारा और जांजगीर-चांपा के बमनीडीह में अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की।
सहसपुर लोहारा (कवर्धा)
भाजपा प्रत्याशी सरिता संतोष मिश्रा ने कांग्रेस के रोशन वैष्णव को 762 वोटों से हराया।
बमनीडीह (जांजगीर-चांपा)
भाजपा के रमेश डड़सेना ने 889 वोटों के अंतर से अध्यक्ष पद जीता। यहां 15 वार्डों में से भाजपा ने 11 वार्डों में जीत दर्ज कर परिषद में भी स्पष्ट बहुमत हासिल किया।
शिवनंदनपुर (सूरजपुर)
अध्यक्ष पद पर भाजपा के रितेश जायसवाल विजयी रहे, हालांकि वार्डों में कांग्रेस को बहुमत मिला।
घुमका, पलारी, चारामा और पखांजूर में कांग्रेस की जीत
राजनांदगांव जिले के घुमका नगर पंचायत में कांग्रेस की फूलमती वर्मा 85 वोटों से जीतकर पहली अध्यक्ष बनीं। हालांकि 14 वार्डों में भाजपा ने 10 सीटें जीतकर बढ़त बनाई।
बालोद जिले की पलारी नगर पंचायत में कांग्रेस प्रत्याशी यानेश साहू ने भाजपा के लखन लाल गुरूपंच को 506 वोटों से हराकर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। परिषद में भी कांग्रेस को बहुमत मिला।
वहीं चारामा वार्ड क्रमांक-13 से कांग्रेस के मोहित नायक 286 वोटों से विजयी हुए, जबकि पखांजूर वार्ड क्रमांक-09 में कांग्रेस की रूखमणि एट्टी ने भाजपा प्रत्याशी को 65 वोटों से हराया।
वार्डवार स्थिति
घुमका नगर पंचायत (राजनांदगांव)
भाजपा – 10 वार्ड
कांग्रेस – 3 वार्ड
निर्दलीय – 1 वार्ड
अध्यक्ष पद – कांग्रेस
शिवनंदनपुर (सूरजपुर)
कांग्रेस – 8 वार्ड
भाजपा – 7 वार्ड
अध्यक्ष पद – भाजपा
पलारी नगर पंचायत (बालोद)
कांग्रेस – 10 वार्ड
भाजपा – 5 वार्ड
अध्यक्ष पद – कांग्रेस
बमनीडीह (जांजगीर-चांपा)
भाजपा – 11 वार्ड
कांग्रेस – 3 वार्ड
निर्दलीय – 1 वार्ड
अध्यक्ष पद – भाजपा
परिणामों पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं
कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने परिणामों को भाजपा सरकार के खिलाफ जनमत बताया। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास भाजपा सरकार से उठ चुका है और उपचुनाव के नतीजे कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनने का संकेत हैं। वहीं, जगदलपुर के महापौर संजय पांडेय ने हार की समीक्षा करने की बात कहते हुए कहा कि पार्टी परिणामों का विश्लेषण करेगी।

User 1












