धमतरी post authorUser 1 04 June 2026

सूने मकान में सेंधमारी करने वाले गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद



post

पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी जिले के भखारा थाना क्षेत्र में सूने मकान में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात, सोने का बिस्किट तथा वारदात में इस्तेमाल किया गया औजार बरामद किया है। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 50 हजार 700 रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना भखारा पुलिस और साइबर टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए इस मामले का पर्दाफाश किया।

परिवार कार्यक्रम में गया था, लौटने पर टूटा मिला ताला

पुलिस के अनुसार, ग्राम कोसमर्रा निवासी कृष्ण कुमार कोसरे ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह 13 मई 2026 को अपने परिवार के साथ एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने अभनपुर गए थे। 17 मई को घर लौटने पर मकान का मुख्य दरवाजा और आलमारी का ताला टूटा मिला। जांच करने पर घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नगदी रकम गायब थी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।

पूछताछ में खुला राज

जांच के दौरान पुलिस को मिली सूचना के आधार पर संदेही घनश्याम यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपने साथी हेमन्त उर्फ सोनू मानिकपुरी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। आरोपियों ने सूने मकान का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और आलमारी का लॉक तोड़कर जेवरात व नकदी चोरी कर ली। बाद में दोनों ने चोरी किए गए जेवरों का आपस में बंटवारा कर लिया, जबकि नगदी राशि खर्च कर दी।

चोरी का सोना गलाकर बनाया गया बिस्किट

घनश्याम यादव की निशानदेही पर पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के जेवरात और घटना में प्रयुक्त कुदारी बरामद की। इसके बाद पुलिस टीम ने रायपुर पहुंचकर दूसरे आरोपी हेमन्त उर्फ सोनू मानिकपुरी को गिरफ्तार किया। उसके पास से भी चोरी के जेवरात बरामद किए गए। जांच में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पुलिस के मुताबिक चोरी गया सोने का गुलबंद बेचने के उद्देश्य से हेमन्त ने अपने परिचित ओमप्रकाश सोनी को दिया था। पूछताछ में ओमप्रकाश ने स्वीकार किया कि उसने गुलबंद को गलाकर सोने का बिस्किट बना दिया था। पुलिस ने उक्त सोने का बिस्किट भी बरामद कर जब्त कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी

घनश्याम यादव (23 वर्ष), निवासी ग्राम कोसमर्रा, थाना भखारा, जिला धमतरी, हेमन्त उर्फ सोनू मानिकपुरी (25 वर्ष), मूल निवासी ग्राम कोसमर्रा, हाल निवासी मठपुरैना, रायपुर, ओमप्रकाश सोनी (30 वर्ष), निवासी प्रोफेसर कॉलोनी, सेक्टर-02, रायपुर शामिल है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया है। मामले की आगे की जांच जारी है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS DHAMTARINEWS BHAKHARATHANANEWS DHAMTARIBHAKHARATHANANEWS SUNEMAKANMECHORINEWS SUNEMAKANMESENDHMARINEWS TEENAROPIGIRAFTARNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER