पब्लिक स्वर,धमतरी। धमतरी जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ धमतरी पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर जिलेभर में अवैध शराब बिक्री, परिवहन और मादक पदार्थों के कारोबार पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस ने तीसरे दिन भी कार्रवाई करते हुए दो आबकारी प्रकरणों में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, पिछले तीन दिनों में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आबकारी एक्ट के कुल 16 प्रकरण दर्ज कर 18 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
भखारा पुलिस ने शराब परिवहन करते दो आरोपियों को पकड़ा
थाना भखारा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से शराब परिवहन कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 35 पौवा देशी शराब जिसकी कीमत लगभग 2,800 रुपये तथा परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जिसकी कीमत करीब 10 हजार रुपये है, जब्त की गई। कुल 12,800 रुपये मूल्य की सामग्री बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों में: नीलमणी साहू (47 वर्ष), निवासी सेमरा-बी, भखारा, सोमनाथ गाड़ा (44 वर्ष), निवासी सुपेला, भखारा शामिल हैं। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
कुरूद में शराब बेचते युवक को रंगे हाथ पकड़ा
वहीं थाना कुरूद पुलिस ने रामसागर तालाब के पास अवैध रूप से शराब बेच रहे एक युवक को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 14 पौवा देशी शराब, बिक्री की रकम तथा अन्य सामग्री सहित कुल 1,370 रुपये का सामान जब्त किया गया। गिरफ्तार आरोपी: शुभम उर्फ पार्षद बंजारे (27 वर्ष), निवासी चंडीपारा, कुरूद के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(ख) के तहत कार्रवाई की गई है।
अवैध कारोबार पर जारी रहेगी सख्ती
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

User 1













