अवैध रेत खनन पर विधायक का छापा, 5 हाइवा और मशीन जब्त



post

पब्लिक स्वर,कांकेर। कांकेर जिले में अवैध रेत खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चारामा क्षेत्र की विधायक सावित्री मंडावी ने शनिवार देर रात हराडूला रेत खदान में छापा मारा। कार्रवाई के दौरान मौके से 5 हाइवा वाहन और एक चैन माउंटेन मशीन जब्त की गई। विधायक की इस कार्रवाई से क्षेत्र में खनन माफियाओं के बीच हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, विधायक को सूचना मिली थी कि हराडूला क्षेत्र में रात के समय अवैध रूप से रेत का उत्खनन और परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचीं और खनन कार्य में लगे वाहनों व मशीनों को रुकवाकर कार्रवाई की।

विधायक सावित्री मंडावी ने कहा कि लगातार कार्रवाई के बावजूद अवैध रेत खनन पर पूरी तरह रोक नहीं लग पा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि रात में संबंधित विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। इसके बाद उन्हें स्वयं मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करनी पड़ी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी विधानसभा क्षेत्र में अवैध रेत खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हराडूला में मिली सूचना पर तत्काल कार्रवाई की गई और सुबह होते ही आगे की वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्रवाई के बावजूद रेत माफिया रात के अंधेरे में सक्रिय रहते हैं और नदियों से लगातार अवैध उत्खनन कर रहे हैं। इससे पर्यावरण और नदी तंत्र पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। फिलहाल जब्त किए गए वाहनों और मशीनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। विधायक ने दोहराया कि अवैध खनन के खिलाफ उनका अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER