अवैध संबंध के शक में फल व्यापारी पर चाकू से हमला, आरोपी रायपुर से गिरफ्तार



post

पब्लिक स्वर,बिलासपुर। बिलासपुर जिले के तिफरा क्षेत्र में रविवार रात एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के कुंदरापारा में हुई इस घटना में फल व्यापारी मनीष गोस्वामी (32) गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया गया है।


नकाब पहनकर पहुंचा आरोपी, पीछे से किया हमला

जानकारी के अनुसार, तिफरा चौक पर फल की दुकान संचालित करने वाला मनीष गोस्वामी रविवार रात अपनी पत्नी के साथ दुकान के पास खड़ा था। इसी दौरान एक नकाबपोश युवक वहां पहुंचा और पीछे से मनीष को पकड़कर धारदार चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने उसकी पीठ और पेट पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

पत्नी ने खींचा नकाब, खुली पहचान

हमले के दौरान मनीष की पत्नी ने साहस दिखाते हुए हमलावर को पकड़ लिया और उसका नकाब खींच दिया। इससे आरोपी की पहचान भोलू साहू उर्फ दुर्गेश साहू के रूप में हुई। पहचान उजागर होने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

अस्पताल में भर्ती, थाने में दर्ज हुई शिकायत

घायल मनीष को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना के बाद उसकी पत्नी ने सिरगिट्टी थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

अवैध संबंध के शक में पनपी रंजिश

पुलिस जांच में सामने आया कि मनीष गोस्वामी का आरोपी के परिवार की एक महिला के साथ संबंध था। महिला वर्तमान में गांव सैदा में मनीष के साथ रह रही थी। इसी बात को लेकर आरोपी दुर्गेश साहू काफी नाराज था और लंबे समय से रंजिश रखता था। प्रारंभिक जांच में इसी विवाद को हमले की वजह माना जा रहा है।

रायपुर में छिपा था आरोपी, रातोंरात दबिश देकर पकड़ा

मामले की गंभीरता को देखते हुए सिरगिट्टी थाना प्रभारी अभय सिंह बैस के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी रायपुर में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही टीम ने रायपुर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

चाकू बरामद, आरोपी जेल भेजा गया

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हमले में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS BILASPURNEWS TIFRATHANANEWS BILASPURTIFRATHANANEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER