सिलतरा की स्टील फैक्ट्री में नौकरी कर रहा था इनामी बदमाश, वर्षों बाद चढ़ा पुलिस के हत्थे



post

पब्लिक स्वर,रायपुर। बिहार के चर्चित गैंगरेप, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के मामले में वर्षों से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को रायपुर ग्रामीण पुलिस और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी रायपुर जिले के सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र में एक निजी स्टील कंपनी में पहचान छिपाकर नौकरी कर रहा था।

पुलिस के मुताबिक, अजय यादव के खिलाफ बिहार के जहानाबाद जिले के महिला थाना में वर्ष 2019 में गंभीर आपराधिक मामला दर्ज है। उस पर गैंगरेप, हत्या के प्रयास, लूट, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित कई संगीन धाराओं के तहत अपराध दर्ज हैं। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार ठिकाने बदल रहा था, जिसके चलते मगध रेंज के पुलिस महानिरीक्षक द्वारा उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

तकनीकी विश्लेषण और खुफिया सूचनाओं के आधार पर बिहार पुलिस को आरोपी के रायपुर में छिपे होने की जानकारी मिली। इसके बाद जहानाबाद पुलिस की विशेष टीम रायपुर पहुंची और रायपुर ग्रामीण पुलिस से संपर्क किया। सिलतरा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राजेन्द्र सिंह कंवर के नेतृत्व में संयुक्त टीम का गठन कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।

जांच के दौरान पता चला कि आरोपी सिलतरा स्थित एक निजी स्टील कंपनी में कार्यरत है और लंबे समय से अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर रह रहा है। पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को बिहार पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया, जहां उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।

कंपनी प्रबंधन की लापरवाही भी आई सामने

कार्रवाई के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि जिस निजी कंपनी में आरोपी कार्यरत था, वहां कर्मचारियों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन नहीं कराया गया था। पुलिस ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए कंपनी प्रबंधन को नोटिस जारी करने और नियमानुसार कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।

रायपुर ग्रामीण पुलिस ने क्षेत्र के सभी उद्योगों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराने की चेतावनी दी है। पुलिस का कहना है कि नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

संयुक्त टीम ने निभाई अहम भूमिका

इस कार्रवाई में सिलतरा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राजेन्द्र सिंह कंवर, परिवीक्षाधीन उपनिरीक्षक किशन लाल, एएसआई रमेश शर्मा, आरक्षक राजकुमार चौबे, अर्जुन कुर्रे तथा जहानाबाद पुलिस की उपनिरीक्षक सुरूचि शर्मा, एएसआई धनंजय कुमार, आरक्षक श्रीराम साहू, बंशी कुमार, मिन्टू कुमार और महिला आरक्षक कोमल कुमारी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS RAIPURNEWS SILTARANEWS RAIPURSILTARANEWS SILTRSTEELFACTORYNEWS INAMIBADMASHNEWS RAIPURMENAUKRIKARRAHATHAINAMIBADMASHNEWS KAIVARSHOBAADCADHAPOLICEKEHATTENEWS

You might also like!