पब्लिक स्वर,बेमेतरा। बेमेतरा जिले के पंडित जवाहरलाल नेहरू आर्ट एंड साइंस पीजी कॉलेज में सोमवार को छात्रों ने एटीकेटी, परीक्षा परिणाम और छात्रवृत्ति से जुड़ी समस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। छात्रों ने कॉलेज के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और अपनी मांगों को लेकर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के चलते करीब डेढ़ घंटे तक यातायात प्रभावित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
जानकारी के अनुसार, प्रदर्शनकारी छात्र कॉलेज गेट बंद कर हाईवे पर बैठ गए और नारेबाजी करने लगे। इस दौरान ट्रक, बसों और अन्य भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों को समझाइश दी। इसके बाद छात्रों ने आंदोलन समाप्त कर यातायात बहाल किया।
ABVP ने दिया समर्थन
छात्रों के प्रदर्शन को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) का भी समर्थन मिला। परिषद के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौके पर मौजूद रहे। ABVP ने चेतावनी दी है कि यदि छात्रों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
छात्रों ने लगाए गंभीर आरोप
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि कॉलेज और विश्वविद्यालय स्तर पर एटीकेटी, असाइनमेंट, सेमेस्टर परीक्षाओं, छात्रवृत्ति फॉर्म और परीक्षा परिणामों से जुड़ी समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं। उनका कहना है कि विभिन्न शैक्षणिक प्रक्रियाओं के नाम पर विद्यार्थियों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। छात्रों का यह भी आरोप है कि परीक्षा परिणामों में लगातार त्रुटियां सामने आ रही हैं, जिससे उनके शैक्षणिक भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। समस्याओं के निराकरण के लिए उन्हें बार-बार विश्वविद्यालय और संबंधित कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं।
कुलपति और प्राचार्य के नाम सौंपा ज्ञापन
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के कुलपति और कॉलेज प्राचार्य के नाम ज्ञापन सौंपकर परीक्षा परिणामों में हुई गड़बड़ियों, गलत यूएफएम (Unfair Means) कार्रवाई, अनावश्यक एटीकेटी और लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण की मांग की है।
ज्ञापन में छात्रों ने एटीकेटी से जुड़े मामलों की निःशुल्क पुनः जांच, लंबित परिणामों की जल्द घोषणा, तकनीकी त्रुटियों के सुधार और यूएफएम मामलों की निष्पक्ष समीक्षा की मांग उठाई है। साथ ही विद्यार्थियों से किसी भी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क नहीं लेने तथा समस्याओं के समाधान के लिए समयबद्ध कार्ययोजना जारी करने की मांग भी की गई है।
"किसान और मजदूर परिवारों के छात्रों पर पड़ रहा असर"
ABVP का कहना है कि कॉलेज के अधिकांश छात्र किसान, मजदूर और सामान्य परिवारों से आते हैं। परिणामों और शैक्षणिक प्रक्रियाओं में हो रही गड़बड़ियों के कारण उनकी पढ़ाई और भविष्य प्रभावित हो रहा है। परिषद ने प्रशासन से जल्द समाधान नहीं होने पर व्यापक छात्र आंदोलन की चेतावनी दी है।

User 1










