पब्लिक स्वर,बिलासपुर। बिलासपुर जिले के तोरवा थाना क्षेत्र में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का एक गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल तीन किशोर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश और चिंता का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता शनिवार को किसी बात से नाराज होकर घर से निकल गई थी। घर छोड़ने के बाद रास्ते में उसकी मुलाकात एक परिचित 16 वर्षीय किशोर से हुई। आरोप है कि किशोर ने उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने का भरोसा दिलाया और अपने साथ ले गया। इसके बाद वह पीड़िता को रेलवे स्टेशन के आगे स्थित एक सुनसान इलाके में ले गया, जहां पहले उसे खाना खिलाया गया और फिर उसके साथ अपराध की साजिश रची गई।
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी ने अपने दो अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया। आरोप है कि तीनों ने मिलकर पीड़िता के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उसे रेलवे स्टेशन के पास छोड़कर फरार हो गए। घटना से डरी और सदमे में रही पीड़िता ने रात स्टेशन परिसर में ही बिताई।
रविवार सुबह पीड़िता किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे लेकर सीधे तोरवा थाने पहुंचे, जहां शिकायत दर्ज कराई गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर घेराबंदी कर तीनों किशोर आरोपियों को रविवार दोपहर तक गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

User 1










