पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर के कबीर नगर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक परिवार के घर पर बम जैसे पटाखे फेंकने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आधी रात को हुई इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, घटना कबीर नगर थाना क्षेत्र के हीरापुर स्थित वीर सावरकर नगर की है। यहां रहने वाली रिंकु तिवारी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता ने बताया कि 24 मई 2026 की रात करीब 1 बजे सोनू पटेल, आकाश पासवान, एक युवती और उसके साथ तीन अन्य युवक उनके घर पहुंचे।
आरोप है कि आरोपियों ने घर के बाहर बम जैसे पटाखे फेंके, जिससे तेज धमाका हुआ और मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद आरोपियों ने घर के बाहर खड़े होकर गाली-गलौज की और चाकू दिखाकर परिवार को जान से मारने की धमकी दी। हालांकि घर का गेट बंद होने की वजह से आरोपी अंदर नहीं घुस सके।
पुलिस को बुलाने की बात सुनते ही भागे आरोपी
पीड़िता के अनुसार, आरोपी लगातार धमकी दे रहे थे और माहौल को डराने की कोशिश कर रहे थे। जब परिवार के लोगों ने पुलिस को सूचना देने की बात कही, तब सभी आरोपी वहां से फरार हो गए। धमाके और हंगामे के कारण आसपास के लोग भी अपने घरों से बाहर निकल आए, जिससे इलाके में काफी देर तक भय का माहौल बना रहा।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
कबीर नगर पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

User 1








