पब्लिक स्वर,अंबिकापुर/सरगुजा। सरगुजा जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां प्रेम संबंधों के तनाव में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामला उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मणगढ़ का है। मृतक की पहचान मुकेश सिरदार के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, युवक ने बीती रात घर के मयार में साफे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
दो रिश्तों के बीच फंसा था युवक
स्थानीय लोगों और प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मुकेश का पहले से एक युवती के साथ प्रेम संबंध था। इसी बीच कुछ दिनों पहले वह जयनगर थाना क्षेत्र के ग्राम कंदराई से एक नाबालिग लड़की को अपने साथ लेकर आया था। बताया जा रहा है कि नाबालिग छात्रा 10वीं कक्षा में पढ़ती थी। सूत्रों के मुताबिक, युवक दोनों लड़कियों के साथ संबंधों को लेकर मानसिक दबाव में था। पारिवारिक और सामाजिक तनाव भी लगातार बढ़ रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी मानसिक तनाव के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि पुलिस ने अभी आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
गांव में फैली सनसनी, परिवार सदमे में
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर उदयपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। पुलिस अब युवक के मोबाइल, कॉल डिटेल और उसके हालिया गतिविधियों की भी जांच कर रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे के कारणों का स्पष्ट पता लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

User 1










