फेसबुक वाले प्रेमी संग मिलकर पत्नी ने की पति की हत्या, रेलवे ट्रैक के पास से सड़ी-गली मिली पति की लाश



post

पब्लिक स्वर,बिलासपुर। सोशल मीडिया पर शुरू हुई एक प्रेम कहानी का अंत बेहद खौफनाक निकला। झारखंड की रहने वाली एक महिला ने अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर अपने ही पति की हत्या कर दी। आरोपियों ने पहले पति को बिलासपुर बुलाया, फिर सुनसान इलाके में गला दबाकर और चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक किनारे झाड़ियों और कीचड़ में फेंक दिया गया।

करीब पांच दिन बाद झारखंड पुलिस महिला को लेकर बिलासपुर पहुंची, जहां पुलिस ने रेलवे ट्रैक के पास से मृतक की सड़ी-गली लाश बरामद की। मामले में पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसका प्रेमी और अन्य आरोपी फरार हैं।

फेसबुक से शुरू हुआ रिश्ता, फिर प्रेम प्रसंग में बदली कहानी

जानकारी के मुताबिक झारखंड के सिमडेगा निवासी पूनम लोमगा की करीब चार साल पहले फेसबुक के जरिए सुगड़ टोपनो नामक युवक से दोस्ती हुई थी। बातचीत बढ़ने के साथ दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले पूनम अपने पति और बच्चों को छोड़कर प्रेमी के साथ चली गई थी, लेकिन लगभग 15 दिन बाद वह वापस अपने घर लौट आई।पुलिस जांच में सामने आया है कि घर लौटने के बाद भी पूनम का प्रेमी से संपर्क बना रहा। इसी दौरान दोनों ने मिलकर पति विनोद लोमगा को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

10 हजार रुपए और पत्नी को छोड़ने का झांसा देकर बुलाया बिलासपुर

पुलिस के अनुसार, योजना के तहत सुगड़ टोपनो अपने दोस्त इंदल मांझी और एक अन्य साथी के साथ बिलासपुर के सिरगिट्टी क्षेत्र पहुंचा। इसके बाद विनोद लोमगा को फोन कर कहा गया कि यदि वह बिलासपुर आए तो उसे 10 हजार रुपए दिए जाएंगे और उसकी पत्नी को छोड़ दिया जाएगा। विनोद इस बात के लिए तैयार हो गया। 19 मई को वह अपनी पत्नी पूनम के साथ झारखंड से बिलासपुर पहुंचा।

सुनसान जगह पर की हत्या

सिरगिट्टी पहुंचने के बाद आरोपी सभी को रेलवे ट्रैक के किनारे सुनसान इलाके में ले गए। वहां पहले विनोद के साथ मारपीट की गई। इसके बाद पत्नी के दुपट्टे से उसका गला दबाया गया और फिर चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को झाड़ियों और कीचड़ में फेंक दिया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी वापस झारखंड लौट गए।

पत्नी के व्यवहार से बढ़ा शक, खुला राज

घर लौटने के बाद जब परिजनों ने विनोद के बारे में पूछा तो पूनम गोलमोल जवाब देने लगी। इससे परिजनों को शक हुआ और झारखंड में विनोद की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की, जो बिलासपुर क्षेत्र में मिली। इसके बाद जब पुलिस ने पूनम से सख्ती से पूछताछ की तो उसने पति की हत्या की पूरी साजिश कबूल कर ली।

झारखंड पुलिस लेकर पहुंची बिलासपुर, रेलवे ट्रैक किनारे मिला शव

24 मई को झारखंड पुलिस पूनम को लेकर बिलासपुर पहुंची और सिरगिट्टी पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस टीम ने रेलवे ट्रैक के पास झाड़ियों में खोजबीन की, जहां से विनोद लोमगा का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। सिरगिट्टी पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी पत्नी पूनम लोमगा को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, फरार प्रेमी सुगड़ टोपनो और उसके साथियों की तलाश में पुलिस टीम झारखंड रवाना हो गई है।

सोशल मीडिया से शुरू रिश्तों के अपराध में बदलने का एक और मामला

यह मामला एक बार फिर दिखाता है कि सोशल मीडिया पर बने रिश्ते किस तरह धीरे-धीरे पारिवारिक तनाव और फिर गंभीर अपराध में बदल सकते हैं। शुरुआती जांच में यह हत्या पूरी तरह सुनियोजित साजिश लग रही है, जिसमें पति को भरोसे में लेकर दूसरे राज्य बुलाया गया और फिर हत्या कर शव ठिकाने लगाने की कोशिश की गई।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS BILASPURNEWS DIRGITTITHANANEWS BILASPURSIRGITTITHANANEWS PATIKIHATYANEWS PREMIKESATHMILKARPATIKIHATYANEWS SUNSANJAGAHLEJAKARPATIKIHATYANEWS PREMIKESATHBHAGIPATNINEWS PREMIKESATHBHAGIPATNINEPREMIKESATHMILKARPATIKOUTARAMAUTKEGHATNEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER