इलाज छोड़ बर्थडे पार्टी में व्यस्त दिखे डॉक्टर-स्टाफ, CHC पर उठे सवाल



post

पब्लिक स्वर,कोरबा। कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में अस्पताल के डॉक्टर और स्टाफ ड्यूटी के दौरान बर्थडे पार्टी मनाते और केक काटते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली और अस्पतालों में मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं पर सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो उस समय का बताया जा रहा है जब अस्पताल में ओपीडी का समय चल रहा था और मरीज इलाज के लिए पहुंचे हुए थे। आरोप है कि मरीज डॉक्टरों के इंतजार में बैठे रहे, जबकि अस्पताल का स्टाफ और चिकित्सक अपने चैंबर में जन्मदिन का जश्न मनाने में व्यस्त थे। वायरल वीडियो में कुछ लोग केक काटते और जश्न मनाते नजर आ रहे हैं, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर लोगों ने नाराजगी जताई है।

मरीजों की सेवा या जश्न?

सरकारी अस्पतालों में पहले से ही डॉक्टरों की कमी, लंबा इंतजार और व्यवस्थाओं की शिकायतें आम हैं। ऐसे में ड्यूटी के दौरान इस तरह का जश्न मरीजों और उनके परिजनों के लिए असंवेदनशील रवैये के तौर पर देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल में इलाज के लिए दूर-दराज के गांवों से लोग आते हैं और कई बार घंटों इंतजार करना पड़ता है। ऐसे में यदि ओपीडी समय में डॉक्टर उपलब्ध नहीं रहें, तो इसका सीधा असर मरीजों की स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ता है।

वायरल वीडियो के बाद विभाग हरकत में

मामले को लेकर जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. एसएन केसरी ने कहा कि वायरल वीडियो की जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि वीडियो में कमरा बंद दिखाई दे रहा है और यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा कि वह अस्पताल का ओपीडी कक्ष है या कोई निजी स्थान। इसके बावजूद बीएमओ से चर्चा कर पूरी वस्तुस्थिति की जानकारी ली जाएगी और यदि लापरवाही सामने आती है तो आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

अस्पताल की व्यवस्थाओं पर भी उठे सवाल

वीडियो वायरल होने के साथ ही अस्पताल की अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी शिकायतें सामने आई हैं। अस्पताल में कूलरों के ठीक से काम नहीं करने और परिसर में गंदगी की समस्या को लेकर भी सवाल उठे हैं। इस पर सीएमएचओ ने कहा कि कूलरों में नियमित रूप से पानी डाला जाना चाहिए और यदि कोई तकनीकी खराबी है तो उसे जल्द ठीक कराया जाएगा। वहीं अस्पताल परिसर के पीछे नाली में जमा गंदगी को लेकर उन्होंने कहा कि नगर पंचायत के समन्वय से सफाई कराई जाएगी। साथ ही अस्पताल के सफाई कर्मचारियों को भी व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए जाएंगे।

सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल media पर लोगों ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। कई लोगों ने इसे सरकारी जिम्मेदारियों के प्रति लापरवाही बताया, जबकि कुछ लोगों ने कहा कि यदि जश्न मनाना ही था तो वह ड्यूटी समय के बाद किया जाना चाहिए था। अब सबकी नजर स्वास्थ्य विभाग की जांच और संभावित कार्रवाई पर टिकी हुई है।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS KORBANEWS KATGHORANEWS KORBAKATHGHORATHANANEWS ILAJCHODBIRTHDAYPARTIMEVYASTHDIKHEDOCTORORSTAFNEWS ILAJKEDAURANBIRHDAYPARTYNEWS

You might also like!