पब्लिक स्वर,रायपुर। रायपुर में सोशल मीडिया पर ‘डॉन’ या ‘रफ-टफ’ छवि दिखाने का बढ़ता चलन अब प्रशासनिक सख्ती की वजह बनता जा रहा है। ताजा मामला एक सरकारी स्कूल की शिक्षिका से जुड़ा है, जिनका तलवार के साथ फोटो और वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आ गया है।
जानकारी के अनुसार, श्रद्धा शर्मा नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से तलवार लहराते हुए फोटो और वीडियो पोस्ट किए गए। प्रोफाइल में खुद को लेक्चरर बताया गया है, जबकि विभागीय सूत्रों के मुताबिक संबंधित युवती रायपुरा स्थित एक सरकारी स्कूल में पदस्थ हैं। वायरल वीडियो में वह फिल्मी अंदाज में हथियार के साथ पोज देती दिखाई दे रही हैं, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर भी बहस छिड़ गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) हिमांशु भारतीय ने शिक्षिका को नोटिस जारी किया है। यह नोटिस स्कूल के प्राचार्य के माध्यम से भेजा गया है, जिसमें उनसे पूरे मामले पर स्पष्टीकरण मांगा गया है। अधिकारियों का कहना है कि शासकीय सेवा में रहते हुए इस तरह का सार्वजनिक आचरण सेवा नियमों के विपरीत माना जाता है और इसे अनुशासनहीनता की श्रेणी में रखा जा सकता है।
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि शिक्षिका के जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। यदि स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया, तो विभागीय कार्रवाई की जाएगी, जिसमें निलंबन या अन्य अनुशासनात्मक कदम भी शामिल हो सकते हैं।

User 1










