पब्लिक स्वर,अंबिकापुर। अंबिकापुर जिले के मणिपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद और संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां ड्यूटी के दौरान एक महिला सुरक्षा गार्ड की दर्दनाक मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। परिजन इंसाफ और मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर उतर आए हैं।
जानकारी के अनुसार, शहर स्थित संकल्प हॉस्पिटल में पिछले दो वर्षों से कार्यरत महिला गार्ड की मौत उस समय हो गई, जब वह ड्यूटी के दौरान जनरेटर में डीजल भर रही थी। इसी दौरान उसकी चुन्नी मशीन में फंस गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश देखा गया। उनका आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। परिजनों का कहना है कि न तो सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे और न ही घटना के बाद उचित मुआवजा देने की पहल की गई।
आक्रोशित परिजनों ने संकल्प हॉस्पिटल के सामने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से 50 लाख रुपये मुआवजे की मांग की है। प्रदर्शन के चलते इलाके में तनाव की स्थिति बन गई, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल दोनों पक्षों के बीच बातचीत जारी है और प्रशासन हालात को नियंत्रित करने में जुटा हुआ है।

User 1










