पत्नी के मायके जाने से नाराज होकर 150 फीट ऊंचे टॉवर पर चढ़ा पति



post

पब्लिक स्वर,कोरबा। कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम करमंदी में सोमवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक पत्नी के मायके जाने से नाराज होकर करीब 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ गया। इस दौरान उसने आत्महत्या की धमकी देते हुए जमकर हंगामा किया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक, करमंदी निवासी मुकेश सांडे का अपनी पत्नी के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। आए दिन होने वाले झगड़ों से तंग आकर उसकी पत्नी मायके चली गई थी। पत्नी को मनाने की कई कोशिशें नाकाम रहने के बाद युवक ने यह कदम उठाया।

बताया जा रहा है कि सोमवार शाम मुकेश नशे की हालत में गांव के पास लगे हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ गया और जोर-जोर से चिल्लाने लगा। उसे ऊंचाई पर देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टॉवर की अधिक ऊंचाई के कारण युवक की आवाज साफ सुनाई नहीं दे रही थी, ऐसे में पुलिस ने मोबाइल फोन के जरिए उससे संपर्क साधने की कोशिश की। शुरुआत में युवक बातचीत के लिए तैयार नहीं था और बार-बार करंट प्रवाहित तार को छूने की कोशिश कर रहा था, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।

काफी मशक्कत के बाद पुलिस युवक से बातचीत स्थापित करने में सफल रही। इस दौरान उसने साफ कहा कि जब तक उसकी पत्नी घर लौटने के लिए तैयार नहीं होगी, वह नीचे नहीं उतरेगा। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस ने उसकी पत्नी से संपर्क किया और उसे समझाइश दी। पत्नी ने विवाद नहीं करने की शर्त पर घर लौटने की सहमति दी। इसके बाद करीब ढाई घंटे तक चले इस पूरे घटनाक्रम का अंत हुआ और युवक सुरक्षित नीचे उतर आया। पुलिस ने तुरंत उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा।



PUBLICSWARNEWS CGNEWS CGPOLICENEWS PATNIKIMAYJEJABESENARAJPATINEWS 150FITUNCHETAVARPARCHADHAPATINEWS

You might also like!


RAIPUR WEATHER